हिंदी
ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हमला (Img: Dynamite News)
Deoria: ओमान के पूर्वी तट के पास भारत की ओर आ रहे वाणिज्यिक जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के करमाजीतपुर गांव निवासी सूरज यादव उम्र 23 वर्ष पुत्र ओम प्रकाश यादव निवासी करमाजीतपुर अहिरवाती टोला की मौत हो गई। सूरज यादव जहाज पर वेटर के पद पर तैनात थे। हमले के बाद उनकी मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार MV Cape Dao पर कुल 28 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय नाविक शामिल थे। हमले के बाद 19 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि सूरज यादव की जान चली गई। रिपोर्टों के अनुसार जहाज पर हमला होने के बाद चालक दल को ओमानी अधिकारियों ने सुरक्षित निकाला।
यह भी पढ़ें- Deoria News: अधिवक्ता पर मुकदमे के बाद कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, कोतवाल के निलंबन की मांग; जानें पूरा मामला
भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि वह ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने भी वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता जताई है और क्षेत्र में तनाव कम करने तथा सुरक्षित समुद्री आवागमन सुनिश्चित करने की बात कही है।
स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार सूरज यादव करीब एक माह दस दिन पहले ओमान गए थे। परिवार में उनकी मौत की सूचना पहुंचते ही मातम छा गया। घर पर रिश्तेदारों, ग्रामीणों और परिचितों का पहुंचना शुरू हो गया है।
परिजनों की सबसे बड़ी मांग है कि उनके लाल सूरज यादव का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाकर उन्हें सौंपा जाए, ताकि परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सके। भारतीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के स्तर से पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया के लिए समन्वय किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भी कहा है कि सरकार सूरज यादव के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने और परिवार को आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रयासरत है।
यह भी पढ़ें - Deoria: चलते ट्रक में युवती से दुष्कर्म, चालक और खलासी हिरासत में
सूरज यादव की मौत की खबर से करमाजीतपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में लोगों में मायूसी है। गांव में उनके घर लोगों का पहुंचना जारी है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और हर किसी की जुबान पर एक ही बात है—सूरज का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द अपने वतन और अपने परिवार के बीच पहुंचे।
Location : Deoria
Published : 24 September 2026, 11:36 AM IST