हिंदी
Deoria: सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने ट्रक चालक पर रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। युवती के अनुसार घटना बलरामपुर जनपद से कुछ दूर आगे ट्रक में हुई। सूचना मिलते ही सलेमपुर पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि युवती बलरामपुर जनपद की रहने वाली है। उसका कहना है कि वह किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर बलरामपुर रोड पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक वहां रुका। चालक ने उसे उसके बताए स्थान तक छोड़ने की बात कही, जिसके बाद वह ट्रक में बैठ गई।

युवती ने लगाया ये गंभीर आरोप
युवती का आरोप है कि बलरामपुर से कुछ दूर पहुंचने के बाद चालक ने खलासी को ट्रक चलाने के लिए कहा और उसके साथ ट्रक के अंदर दुष्कर्म किया। इसके बाद ट्रक आगे बढ़ता रहा। रविवार को जब ट्रक सलेमपुर पहुंचा और चालक चाय पीने के लिए नीचे उतरा, तो युवती मौका पाकर ट्रक से उतर गई और सीधे सलेमपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को कब्जे में ले लिया। युवती की शिकायत के आधार पर सलेमपुर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की सूचना बलरामपुर पुलिस को दे दी है, क्योंकि युवती के अनुसार घटना बलरामपुर जनपद में हुई है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवती के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि किसी महिला या युवती को मदद का भरोसा देकर उसके साथ इस तरह की घटना का आरोप बेहद गंभीर है। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Deoria,
Published : 20 September 2026, 11:35 PM IST