हिंदी
यूपी की हर बड़ी खबर एक जगह (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 19 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
19 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी ल
फतेहपुर के असोथर नगर पंचायत के बौंडर वार्ड नंबर-3 में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित मातादीन रैदास के मुताबिक, चोर घर से चांदी की हाफ पेटी, पायल, सोने की लॉकेट माला, नथिया, अंगूठियां, झुमकी, तोड़िया, बेसर, बिछिया समेत कई आभूषण ले गए। वारदात रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने रात की पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठाए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
महराजगंज के सिसवा बाजार नगर में गणपति डोल जुलूस को देखते हुए शनिवार को 7 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग के अनुसार दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक सप्लाई बंद रखी जाएगी। ऊंचे डोल और झंडों के हाईटेंशन तारों के संपर्क में आने से संभावित हादसों को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है। विद्युत उपखंड अधिकारी तुषार सिंह और अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि पानी भरने, मोबाइल चार्ज करने समेत बिजली से जुड़े जरूरी काम दोपहर 3 बजे से पहले निपटा लें। जुलूस समाप्त होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अनेहरा गांव में करंट लगने से 28 वर्षीय विवाहिता महिमा की मौत हो गई। बताया गया कि कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे को बंद करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं। परिजनों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। महिमा की दो बेटियां, 9 वर्षीय रिद्धी और 5 वर्षीय श्री, मां की मौत के बाद बेसुध हैं। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
देवरिया के कसया रोड स्थित गायत्री मंदिर के पास पोखरे में शनिवार को नहाते समय 21 वर्षीय युवक आकाश साहनी डूब गया। घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली। क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और पोखरे में युवक की तलाश शुरू कर दी। देर तक युवक का पता नहीं चल सका था। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने लोगों से बचाव कार्य में सहयोग करने और पोखरे के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की।
कानपुर के बरी गांव में हाईवे के पास सरकारी जमीन पर कथित तौर पर बनाए गए कब्रिस्तान के एक हिस्से पर केडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। शनिवार तड़के पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने 4 से 5 बुलडोजर से सरकारी भूमि के दायरे में बने ऊपरी निर्माण को हटाया। केडीए के ओएसडी सत शुक्ला ने बताया कि कार्रवाई में कब्रों के अंदर के हिस्से को नहीं छेड़ा गया और केवल सरकारी जमीन पर बने चबूतरे व अन्य निर्माण हटाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने के लिए पहले नोटिस दिया गया था।
यूपी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ जगहों पर उमस और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ाई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में 19 सितंबर तक बारिश हो सकती है। हालांकि, अधिकांश इलाकों के लिए फिलहाल कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आने वाले दिनों में आंधी-तूफान की भी संभावना नहीं है।
Location : Lucknow
Published : 19 September 2026, 9:21 AM IST