‘दिल्ली मत जाओ’ की जिद ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, पति के परदेश जाने की जिद से नाराज विवाहिता ने लगाई फांसी

बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दुर्गपुर गांव में पति के दिल्ली जाने की जिद से नाराज 24 वर्षीय विवाहिता ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 23 September 2026, 3:49 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव जरीफनगर दुर्गपुर में पति से हुई मामूली कहासुनी के बाद एक 24 वर्षीय विवाहिता ने घर के कमरे में पंखे पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना मंगलवार और बुधवार की रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दिल्ली जाने को लेकर हुआ था विवाद

मृतका की पहचान सावित्री (24) पत्नी तोताराम उर्फ राकेश पुत्र महीपाल निवासी जरीफनगर दुर्गपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति तोताराम दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है और कुछ दिन पहले ही घर आया था।

यह भी पढ़ें - Budaun: मैरिज हॉल बना नकली खाद का अड्डा, छापे के बाद सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई

ग्रामीणों के अनुसार सावित्री अपने पति से कह रही थी कि आप दिल्ली मत जाओ, यहीं गांव में रहकर कोई काम कर लो। लेकिन पति ने पत्नी की बात नहीं मानी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी हो गई।

कमरे में पंखे पर फंदे से लटकी मिली विवाहिता

कहासुनी के बाद सावित्री ने गुस्से में आकर रात में घर के कमरे में पंखे पर फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिजनों ने उसे पंखे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत थाना जरीफनगर पुलिस को सूचना दी।

6 साल पहले हुई थी शादी

मृतका सावित्री का मायका जिला संभल के गांव नारंगपुर में है। उसके पिता का नाम भूरे सिंह है। सावित्री की शादी करीब 6 वर्ष पहले तोताराम उर्फ राकेश के साथ हुई थी। उसका एक छोटा बेटा भी है, जो अब मां की ममता से वंचित हो गया।

यह भी पढ़ें - Budaun: बदायूं जिला अस्पताल में देर रात चोरों का धावा, कमरा बंद कर हुए फरार

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

सूचना मिलते ही थाना जरीफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पुलिस ने बुधवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवाहिता की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

Location :  Budaun

Published :  23 September 2026, 3:49 PM IST

Advertisement