हिंदी
नकली पोटाश बनाने वाले ठिकाने पर छापा
Budaun: जनपद के बिल्सी तहसील क्षेत्र में किसानों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने वाले नकली खाद के गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ है। खैरी गांव के पास एक मैरिज हॉल में नकली पोटाश तैयार कर असली के नाम पर बेचने का खेल चल रहा था। जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिस पर उन्होंने बिल्सी कृषि विभाग की टीम और थाना पुलिस के साथ मैरिज हॉल में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मैरिज हॉल के अंदर नकली खाद बनाने का पूरा सेटअप लगा हुआ था। मौके से भारी मात्रा में पोटाश कंपनी के प्रिंट वाले खाली कट्टे, पैक किए हुए करीब 300 से 400 कट्टे पोटाश, मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाला गेरू, नमक, कट्टे सिलने की मशीन और जनरेटर बरामद हुआ है।
टीम ने मौके से मालिक समेत करीब 9 लोगों को पकड़ा है। प्रारंभिक जांच में इस पूरे खेल के मुख्य आरोपी के रूप में आरिफ निवासी सहसवान का नाम सामने आ रहा है।
बदायूं में कृषि विभाग की कार्रवाई
मौके पर काम कर रहे मजदूरों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें नमक को सुखाकर कट्टों में पैक करने के लिए बुलाया गया था और वह आज ही पहली बार काम पर आए हैं। लेकिन मजदूरों के इस बयान के बाद कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
अगर मजदूर आज ही पहली बार काम करने आए थे, तो मौके पर 300 से 400 कट्टे पहले से तैयार कैसे मिले? क्या यह अवैध फैक्ट्री पहले से ही संचालित हो रही थी? क्या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा है जो पूरे जिले में नकली खाद सप्लाई करता है? इस गोरखधंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं?
सबसे बड़ा सवाल किसानों के हित से जुड़ा है। अगर यह नकली और मिलावटी पोटाश किसानों के खेतों तक पहुंच जाती, तो उनकी फसलें बर्बाद हो जातीं और साल भर की मेहनत पर पानी फिर जाता। रबी सीजन से पहले इस तरह की नकली खाद का बाजार में आना किसानों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता था।
फिलहाल कृषि विभाग और पुलिस ने सभी बरामद माल को सील कर दिया है और पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। किसानों और स्थानीय लोगों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच हो, नकली खाद के स्रोत से लेकर उसकी सप्लाई चेन तक की कड़ियां खंगाली जाएं और यदि इसमें कृषि विभाग या किसी अन्य स्तर पर किसी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
Location : Budaun
Published : 20 September 2026, 12:37 AM IST