हिंदी
बलिया पुलिस का बड़ा एक्शन (Img: Dynamite News)
Ballia: चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से घर जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भागने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, दो तमंचे, कारतूस, चाकू, घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कारो गांव निवासी माया देवी पत्नी रमेश राजभर नौ सितंबर को चितबड़ागांव कस्बे से ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर जा रही थीं। ग्राम सुजायत के पास रमेश यादव की गिट्टी-बालू की दुकान के निकट बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले में पहने मोतियों के मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर सोने का लॉकेट छीन लिया और फरार हो गए। मामले में पुलिस ने 10 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें - Ballia: बलिया में पाटीदारों का विवाद बना खूनी खेल, दो भाइयों पर चाकू से हमला; एक की मौत
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार, थानाध्यक्ष चितबड़ागांव, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करते हुए रविवार तड़के ग्राम मानपुर में नरही-चितबड़ागांव मार्ग के पास से रितेश उर्फ पुत्तुल पुत्र रामायण चौहान निवासी बैरिया, थाना नरही, उम्र करीब 25 वर्ष तथा 16 और 17 वर्ष के दो बाल अपचारियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल, एक मंगलसूत्र जिसमें सोने का लॉकेट लगा था, 320 रुपये नकद और तीन एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट UP60 BH 9060 लगी थी, जबकि उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर UP60 BH 9509 है।
यह भी पढ़ें - Ballia: “देर रात तक मैसेज करता था, मेरे साथ अश्लील हरकत की”, निजी बैंक की महिला कर्मचारी का मैनेजर पर आरोप
बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 318(4), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और 4/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष तथा दोनों बाल अपचारियों को संबंधित न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि स्वाट, सर्विलांस और चितबड़ागांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से छिनैती की घटना का सफल अनावरण किया गया है। टीम ने घटना में प्रयुक्त वाहन और हथियारों के साथ महिला से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है।
Location : Ballia
Published : 13 September 2026, 6:11 PM IST