Ram Mandir चढ़ावे की सुरक्षा में बड़ा फेरबदल, दान पेटी से लेकर बैंक खाते तक जानिए ट्रस्ट के नए नियम

राम मंदिर चढ़ावे की जांच के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। अब बैंक खातों के लेनदेन के लिए तीन अधिकारियों के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। साथ ही दान पेटियों की निगरानी के लिए 13 नए सीसीटीवी कैमरे और 27 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 8 July 2026, 3:27 PM IST
google-preferred

Ayodhya: राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी जांच के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान और बैंकिंग व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए हैं। ट्रस्ट का कहना है कि इन नए नियमों का मकसद दान प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। अब बैंक खातों के संचालन से लेकर दान पेटियों की निगरानी तक हर स्तर पर सख्ती बढ़ा दी गई है।

अब 3 लोगों की मंजूरी के बाद ही होगा लेनदेन

नई व्यवस्था के तहत मंदिर के बैंक खातों से जुड़ा कोई भी वित्तीय काम अब सिर्फ एक व्यक्ति के हस्ताक्षर से नहीं होगा। इसके लिए तीन अधिकृत अधिकारियों के संयुक्त हस्ताक्षर जरूरी होंगे। ट्रस्ट का मानना है कि इससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम होगी और सभी लेनदेन पर बेहतर निगरानी रहेगी।

दान पेटियों की सुरक्षा हुई और मजबूत

दान पेटियों से मिलने वाली रकम की गिनती के दौरान अब 43 लोगों की मौजूदगी रहेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर में 13 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिन जगहों पर पहले कैमरे नहीं थे, वहां भी अब निगरानी की व्यवस्था कर दी गई है। ट्रस्ट चाहता है कि दान पेटी से लेकर पैसे की गिनती तक पूरी प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में रहे।

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से हड़कंप, सीक्रेट रिपोर्ट के 20 बड़े खुलासे उड़ा देंगे आपके होश

पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ी

दान पेटियों से नकदी को गिनती वाले स्थान तक ले जाने के लिए 27 सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस बल भी अलग से तैनात रहेगा। खास तौर पर गुप्त दान पेटी वाले इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे ताकि सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

फर्जी रसीद देने का मामला भी सामने आया

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि कुछ लोग श्रद्धालुओं से सीधे पैसे लेकर उन्हें ट्रस्ट के नाम की कथित फर्जी रसीद देते थे। जांच एजेंसियों को ऐसी पुरानी रसीदें भी मिली हैं। हालांकि ऑनलाइन दान और डिजिटल रसीद की व्यवस्था शुरू होने के बाद इस तरह की घटनाएं काफी कम हो गई हैं।

नई व्यवस्था पर रहेगी नजर

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। वहीं ट्रस्ट को उम्मीद है कि नई बैंकिंग व्यवस्था, कड़ी सुरक्षा और बेहतर निगरानी से भविष्य में दान प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी होगी।

Location :  Ayodhya

Published :  8 July 2026, 3:22 PM IST

Related News

Advertisement