विदेश में था छात्र, फिर कैसे बना फर्स्ट क्लास? ITI परीक्षा में ‘डमी कैंडिडेट’ का खेल, DM की जांच से मचा हड़कंप

महराजगंज के राजकीय आईटीआई माधोनगर में विदेश में रह रहे छात्र रितेश पटेल की जगह दूसरे युवक से परीक्षा दिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता शशि प्रकाश त्रिपाठी के आरोपों और विरोध के बाद, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Maharajganj: महराजगंज जनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) माधोनगर में आयोजित आईटीआई परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। एक अभ्यर्थी ने आरोप लगाया है कि विदेश में रह रहे छात्र की जगह किसी दूसरे युवक को परीक्षा में बैठाकर पेपर दिलाया गया और बाद में वह प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण भी घोषित कर दिया गया। शिकायत के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है, जिससे पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

विदेश में छात्र, परीक्षा केंद्र पर कोई और

शिकायतकर्ता शशि प्रकाश त्रिपाठी, पुत्र कौशल किशोर, निवासी ग्राम पिपरा मुंडेरी, थाना घुघली ने बताया कि वह 24 दिसंबर 2025 को राजकीय आईटीआई माधोनगर में परीक्षा देने गया था। उसी परीक्षा केंद्र पर रामसमुझ मेमोरियल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का छात्र रितेश पटेल भी आवंटित था। आरोप है कि रितेश उस समय विदेश में था, लेकिन उसकी जगह किसी अन्य युवक को बैठाकर परीक्षा दिला दी गई।

Maharajganj: मंदिर का घंटा चुराकर भागा था आरोपी… पुलिस ने ऐसे सुलझाई चोरी की गुत्थी

सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग

शिकायतकर्ता का दावा है कि परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सबूत हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि परीक्षा अवधि की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

विरोध करने पर अभद्रता का आरोप

डाइनामाइट न्यूज से बातचीत में शशि प्रकाश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने परीक्षा के दौरान इस कथित फर्जीवाड़े का विरोध किया तो तत्कालीन प्रधानाचार्य ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें परीक्षा केंद्र से बाहर निकाल दिया। उनका कहना है कि उन्होंने खुद मेहनत करके परीक्षा दी, लेकिन उन्हें द्वितीय श्रेणी मिली, जबकि कथित रूप से विदेश में मौजूद छात्र बिना परीक्षा दिए प्रथम श्रेणी से पास हो गया।

संस्थान पक्ष ने दी सफाई

वहीं, रामसमुझ मेमोरियल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के कार्यवाहक ऋतिक गुप्ता ने बताया कि संबंधित छात्र का प्रवेश पत्र उसके परिजन संस्थान से लेकर गए थे। हालांकि, उन्होंने परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता पर कोई टिप्पणी नहीं की।

तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, सीओ सदर अंकुर गौतम और डीआईओएस प्रदीप शर्मा की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। मंगलवार को समिति ने राजकीय आईटीआई माधोनगर पहुंचकर परीक्षा कक्षों, व्यवस्थाओं और उपलब्ध अभिलेखों का निरीक्षण किया।

Maharajganj: जाम ने फिर रोकी निचलौल की रफ्तार! घंटों फंसे रहे लोग, मुख्य तिराहे पर रेंगती रही ट्रैफिक व्यवस्था

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है। टीम ने परीक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का निरीक्षण किया है और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  8 July 2026, 2:06 PM IST

Advertisement