हिंदी
डीएम का सरप्राइज एक्शन (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार सुबह करीब 7:45 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय तिलई बेलवा एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, बच्चों की डिजिटल उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और पठन-पाठन की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों की डिजिटल उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, प्रारंभिक शिक्षा और पोषण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में और सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय विद्यालय में कुल छह शिक्षक एवं दो शिक्षामित्र कार्यरत पाए गए। इनमें से एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिला। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित शिक्षामित्र के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
Location : Deoria
Published : 8 July 2026, 1:09 PM IST