करोड़ों का बजट, बड़ी-बड़ी बातें… लेकिन इस इलाके में जल जीवन मिशन की हकीकत देख दंग रह जाएंगे आप

महराजगंज के कोल्हुई कस्बे में जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति कई दिनों से ठप है। लोग हैंडपंप के सहारे पानी भर रहे हैं और प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Maharajganj: केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना कोल्हुई कस्बे में सवालों के घेरे में है। योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन कस्बे के सैकड़ों परिवारों के घरों में लगे नल कई दिनों से सूखे पड़े हैं। नियमित जलापूर्ति ठप होने से लोगों को भीषण गर्मी के बीच हैंडपंप और निजी संसाधनों के सहारे अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।

करोड़ों खर्च, फिर भी नहीं मिल रहा पानी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम और योजना से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद उपभोक्ताओं को नियमित पानी नहीं मिल रहा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब घर-घर पानी पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं, तब कोल्हुई के नागरिक पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।

शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। न तो तकनीकी खराबियों को दूर किया गया और न ही जलापूर्ति को नियमित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। नतीजा यह है कि हर दिन लोगों को पानी की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त समय और मेहनत करनी पड़ रही है।

Maharajganj: मंदिर का घंटा चुराकर भागा था आरोपी… पुलिस ने ऐसे सुलझाई चोरी की गुत्थी

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासी इकबाल खान, गंगाराम, धुन्नु, श्याम मोहन वर्मा, सूरज, रामू और रामप्रीत सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जलापूर्ति बाधित होने के कारणों का पता लगाकर तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले जल निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

आंदोलन की दी चेतावनी

कस्बेवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल जीवन मिशन को केवल कागजी योजना बनाकर न छोड़ा जाए, बल्कि प्रत्येक उपभोक्ता के घर तक नियमित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए

Location :  Maharajganj

Published :  8 July 2026, 10:49 AM IST

Advertisement