हिंदी
यूपी में मानसून का नया दौर (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है। राज्य में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। 9 अगस्त को लखनऊ मौसम केंद्र ने प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं और बिजली की कड़क के साथ बारिश का अनुमान जताया है। खासकर पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश का खतरा देखते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी यूपी के इलाकों में मानसूनी गतिविधियां सबसे ज्यादा एक्टिव रहेंगी। झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र में आज कई जगहों पर मध्यम से तेज बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं ललितपुर के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा सहारनपुर, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, कौशांबी और चंदौली के निवासियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
UP Weather: प्रदेश में मानसून सक्रिय, यूपी के इन जिलों में होगी भारी बारिश
बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और विशेषज्ञों ने एडवाइजरी जारी की है:
किसानों के लिए: खेतों में पानी रुकने न दें और जल निकासी की व्यवस्था सही रखें। बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें और पशुओं को सुरक्षित स्थानों या शेड के नीचे बांधें।
आम नागरिकों के लिए: खराब मौसम में बिना वजह घर से बाहर न निकलें। जलभराव वाले रास्तों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें। वाहन चलाते समय रफ्तार धीमी रखें।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर जारी रहेगा। स्थानीय मौसमी बदलावों के कारण कुछ जगहों पर बारिश की रफ्तार अचानक बढ़ भी सकती है। ऐसे में सलाह दी जाती है कि अपने आसपास के मौसम पर नजर रखें और सुरक्षित रहें।
Location : Lucknow
Published : 9 August 2026, 8:09 AM IST
Topics : Monsoon 2026 UP Monsoon UP Weather Weather Update