UP Weather Today: भीषण लू से झुलस रहा यूपी, धूल भरी आंधी का अलर्ट, जानिये मानसून कब देगी दस्तक

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी की चेतावनी जारी की है। पूर्वी यूपी में 24 जून तक लू का अलर्ट है, जबकि अच्छी बारिश और मानसून के लिए लोगों को अभी इंतजार करना होगा।

Updated : 21 June 2026, 8:12 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम जताई है।

पूर्वी यूपी में 24 जून तक लू का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 जून तक भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान कई इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, लेकिन इससे व्यापक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

UP Weather Alert: यूपी का मानसून भटका, दो राज्यों में अटका; जानिये कब देगा दस्तक और कब बरसेंगे मेघ?

धूल भरी आंधी की चेतावनी

भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ जिलों में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी की संभावना भी व्यक्त की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बदलते मौसम के कारण कुछ क्षेत्रों में अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में मामूली गिरावट संभव है, लेकिन गर्मी का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं होगा।

24 जून तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 25 जून तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। 26 जून को कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 24 जून तक मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। 25 और 26 जून को कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

रात में भी नहीं मिल रही राहत

गर्मी का असर केवल दिन में ही नहीं बल्कि रात के समय भी महसूस किया जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। बांदा समेत आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

UP Weather Update: गर्मी से राहत या उमस की मार, मौसम विभाग ने यूपी के लिए क्या नया अनुमान दिया?

मानसून की दस्तक में होगी देरी

मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन में एक सप्ताह से अधिक की देरी हो सकती है। फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। आने वाला पश्चिमी विक्षोभ इस स्थिति को कुछ हद तक बदल सकता है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ने की संभावना है।

अच्छी बारिश के लिए करना होगा इंतजार

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 25 जून के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा। लखनऊ और आसपास के जिलों सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंचने में अभी लगभग एक सप्ताह और लग सकता है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के लोगों को अच्छी और व्यापक बारिश के लिए अभी करीब दो सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  21 June 2026, 8:12 AM IST

Related News

Advertisement