5 जून को क्या होगा ऐसा कि बदल जाएगा यूपी का मौसम? 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, मानसून को लेकर भी बड़ा संकेत

उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद पूरे प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं इस साल मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी जताई गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 3 June 2026, 8:01 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि फिलहाल आंधी-बारिश का दायरा सीमित है, लेकिन 5 जून से पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

नया पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सबसे पहले दिखाई देगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी यूपी में सक्रिय पुराना पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जिससे आंधी और बारिश की गतिविधियां कम हुई हैं। लेकिन 5 जून तक नया पश्चिमी विक्षोभ पूरे प्रदेश को अपने प्रभाव में ले लेगा।

फतेहपुर रहा सबसे गर्म जिला

प्रदेश में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। फतेहपुर सबसे गर्म जिलों में शामिल रहा, जहां लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ने से लू से राहत मिलने की संभावना है।

मानसून में कम बारिश की आशंका

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष जून से सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने बताया कि प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी परिस्थितियां समाप्त होकर अल नीनो की ओर बढ़ रही हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अल नीनो की स्थिति सामान्यतः मानसून को कमजोर करती है, जिससे वर्षा में कमी आ सकती है।

इसके अलावा जनवरी से मार्च के दौरान उत्तरी गोलार्ध में सामान्य से कम बर्फबारी भी मानसून की सक्रियता को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है।

बदायूं में पागल कुत्ते ने मचाया आतंक : दो घंटे और पूरा कस्बा दहशत में… दो दर्जन से ज़्यादा लोग घायल

अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट

3 जून

पश्चिमी यूपी में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।

4 जून

पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में तापमान बढ़ सकता है।

5 जून

पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और हल्की बारिश के आसार रहेंगे। लू से राहत जारी रहेगी।

6 जून

अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। हवा में नमी बढ़ने से तापमान स्थिर रहने की संभावना है।

7 जून

प्रदेशभर में हल्की बारिश के साथ बीच-बीच में धूप निकल सकती है, जिससे उमस बढ़ने के आसार हैं।

नोएडा श्रमिक हिंसा मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र गिरफ्तार, इस राजनीतिक दल के लिए करता है काम

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की गई है।

Location :  Lucknow

Published :  3 June 2026, 7:54 AM IST

Related News

Advertisement