हिंदी
पागल कुत्ता
Budaun : दातागंज कस्बा उस वक्त दहशत में आ गया जब एक पागल कुत्ते ने अचानक तांडव मचाते हुए पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। कोई समझ पाता उससे पहले ही सड़कें चीख-पुकार से भर गईं और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बदायूं के दातागंज कस्बे में पागल कुत्ते का आतंक। करीब 2 घंटे तक अलग-अलग इलाकों में घूमकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमला। दर्जनों लोग घायल, पूरे इलाके में दहशत। प्रशासन ने टीम लगाई। @dmbudaun #Budaun #Dataganj pic.twitter.com/qWLZnGuIJG
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 2, 2026
जानकारी के मुताबिक, आवारा कुत्ता मुख्य बाजार से निकलकर मोहल्ला किला, नई बस्ती और स्टेशन रोड होते हुए कई रिहायशी इलाकों में घुस गया। इस दौरान जो भी सामने आया। उसे उसने निशाना बना लिया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर अचानक हुए हमलों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमले के दौरान लोग जान बचाने के लिए दुकानों और घरों में घुसते नजर आए। कई जगहों पर लोग दरवाजे बंद कर छिप गए लेकिन तब तक कई लोग घायल हो चुके थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो घंटे तक यह खौफनाक सिलसिला चलता रहा।
UP Gold Price: लखनऊ से वाराणसी तक बदले गोल्ड के भाव, खरीदारी से पहले जरूर जान लें ये बात
हमले के बाद घायलों की भीड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गई। जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों को इमरजेंसी में बुलाया गया और सभी घायलों को एंटी रेबीज इंजेक्शन दिए गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद दातागंज कस्बे में डर का माहौल है। लोग बच्चों को बाहर भेजने से कतरा रहे हैं और घरों में ही रहना सुरक्षित समझ रहे हैं। नगर पंचायत और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
एसडीएम ने बताया कि सभी घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जा रहा है। पशु चिकित्सा विभाग की टीम को कुत्ते को पकड़ने के लिए लगाया गया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध जानवर की जानकारी तुरंत दें।
Location : budaun
Published : 3 June 2026, 6:51 AM IST