हिंदी
तीन दिनों तक बसों में फ्री सफर की बड़ी सौगात (Img- Pinterest)
Lucknow: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। इस बार मुफ्त बस यात्रा का लाभ सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि पूरे तीन दिनों तक मिलेगा।
सरकारी ऐलान के मुताबिक, 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से लेकर 29 अगस्त की आधी रात तक महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। खास बात यह है कि इस मुफ्त यात्रा में उनके साथ सफर करने वाले एक साथी का भी किराया नहीं लगेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवहन और नगर विकास विभाग के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल यूपी रोडवेज की लंबी दूरी की बसों तक सीमित नहीं रहेगी।
शहरों के भीतर चलने वाली 900 से अधिक नगरीय ई-बसों में भी बहनें बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने और सेवा का समय बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा और गोरखपुर जैसे धार्मिक-पर्यटन शहरों में चलने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और निजी टैक्सियों के चालकों के कागजात और पुलिस वेरिफिकेशन की जांच की जाएगी। 25 अगस्त तक सभी जिलों में बस और ऑटो यूनियनों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यात्रियों से मनमाना किराया न वसूला जाए और वाहनों में ओवरलोडिंग न हो।
त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बस स्टेशनों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी और पीने के पानी की व्यवस्था रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि प्रमुख बस अड्डों पर फर्स्ट एड (प्राथमिक चिकित्सा) और मेडिकल टीमें तैनात रहें।
Location : Lucknow
Published : 24 August 2026, 10:51 AM IST