हिंदी
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा सोमवार से जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई थी। परीक्षा के लिए बनाए गए 19 केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। हर पाली में 8,736 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिससे तीन दिनों तक जिले में परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
पुलिस भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया सुबह 7:15 बजे से शुरू कर दी गई।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिले के सभी 19 केंद्रों को पांच जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा बाहरी केंद्र व्यवस्थापकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो परीक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।
प्रशासन ने नकल और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए सख्त इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए कक्ष निरीक्षकों को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई है। केंद्रों पर सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
बदायूं में पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा जारी, 33 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल
परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल, पेन और वैध पहचान पत्र ले जाने की अनुमति दी गई है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। हाल ही में टीजीटी परीक्षा के दौरान साल्वर पकड़े जाने की घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
Location : Bareilly
Published : 8 June 2026, 12:41 PM IST