हिंदी
महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल की जांच के जरिए मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
नाबालिग युवक का शव
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल की जांच के जरिए मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, कुइयां उर्फ महेशपुर निवासी राज शर्मा (पिता गुड्डू शर्मा) जो बीते करीब छह वर्षों से झनझनपुर में फर्नीचर की दुकान चलाता था, बीती रात करीब 9 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर गेहूं के खेत के पास एक पेड़ से राज शर्मा का शव लटका हुआ देखा। खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। परिवार के लोग जब पहुंचे तो दृश्य देख बदहवास हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस?
सूचना पर पहुंची सिंदुरिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भिजवाया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के पिता गुड्डू शर्मा ने बताया कि उनका बेटा एक लड़की से लगातार बातचीत करता था। कई बार मना करने के बावजूद वह नहीं मान रहा था। इसी एंगल को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्पष्ट कारणों का पता नहीं...
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मोबाइल डाटा की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है - आत्महत्या, दबाव या किसी साजिश की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।