हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित ज्योति तिराहे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पूर्व चेयरमैन के भतीजे अंशुल गुप्ता पर ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान शैलेंद्र सिंह के साथ अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित जवान ने मामले की शिकायत एसपी से की है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फरेंदा के होटल गुप्ता पैलेस में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर का जोरदार स्वागत किया गया। पीडीए जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी में सपा सरकार बनने पर दस लाख युवाओं को नौकरी और मुफ्त इलाज मिलेगा। साथ ही, उन्होंने भाजपा और ओमप्रकाश राजभर पर समाज को ठगने का गंभीर आरोप लगाया।
मेरठ में पुलिस ने दिनदहाड़े एक करोड़ रुपये की सोने-चांदी की फर्जी लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। व्यापारी के ड्राइवर, नौकर और उनके एक साथी ने मिलकर लूट की झूठी साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से गायब किए गए सभी गहने और नकदी बरामद कर ली है और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के पल्टन बाजार सब्जी मंडी में शुक्रवार की रात मामूली विवाद को लेकर शराब के नशे में धुत युवकों ने एक सब्जी दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दुकानदार का एक कान कटकर जमीन पर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग दौड़ते, आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बहराइच में नवागंतुक जिलाधिकारी राजेश पांडेय ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य फोकस शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों को बेहतर बनाने पर रहेगा।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के नजफगढ़ घाट पर मां पर बेटे की हत्या के लगे आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट (अनसर्टेन) नहीं आया है। वहीं, मृतक के पिता और परिजनों ने हत्या की बात से इनकार करते हुए इसे आत्महत्या बताया है और पुलिस को लिखित शिकायत देने से भी मना कर दिया है।
गाजियाबाद के सारा गांव निवासी और भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर सेवा दे रहे अजय त्यागी का चयन एशियन गेम्स के रोइंग (नौकायन) खेल के लिए हुआ है। इस बड़ी उपलब्धि से उनके पैतृक गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वाराणसी में आईसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने बीएचयू के एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान 'GEN Z चौपाल' और 'GEN Z महाजुटान यात्रा' का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
सीतापुर रोड स्थित कृष्ण लोक कॉलोनी में बाइक की टक्कर के मामूली विवाद को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दबंग राज कुमार उर्फ मलाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बुजुर्ग और उनके पोते पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुजुर्ग मदन बिहारी तिवारी की मौत हो गई, जबकि उनके पोते संकल्प तिवारी का उपचार अभी भी जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी की तलाश में जुट गई है।
झांसी में पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बबीना थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध गांजा पकड़ा है। पुलिस ने एक ट्रक से 214 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह गांजा ट्रक के जरिए ग्वालियर ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हाथरस में शनिवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने महिला जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओटी कक्ष और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। साथ ही, निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर सेंटर की बिल्डिंग की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
देवरिया से सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने BRICS सम्मेलन को भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। सांसद ने कहा कि BRICS सम्मेलन की मेजबानी करना भारत के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस समय दुनिया के बड़े नेता भारत में जुट रहे हैं, उसी समय वह अपने गांव में वटवृक्ष के नीचे मानवतावादी अर्थव्यवस्था को लेकर कार्यक्रम कर रहे हैं और इस कार्यक्रम की ऊर्जा BRICS सम्मेलन तक जाएगी।
अमेठी के राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में हिंदी पखवाड़े का भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सूचना आयुक्त सी.के. पांडेय ने युवाओं को अपनी भाषा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने हिंदी को केवल एक भाषा न मानकर अपनी दैनिक कार्यशैली और प्राथमिकता का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपोसी गांव में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कम्प मच गया। किशोर की मौत को लेकर उसकी मां पर ही गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
मीरपुर जिले के राठ थाने में आज शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर ने थाना क्षेत्र से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्रों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया। समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अयोध्या के चर्चित कथावाचक देवेंद्र पाठक पर उनकी पत्नी होने का दावा करने वाली एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। प्रयागराज निवासी महिला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि वर्ष 2014 में हिन्दू रीति-रिवाज से कोहंडौर थाना क्षेत्र के मकूनपुर निवासी देवेंद्र पाठक से उसका विवाह हुआ था और दोनों का एक बेटा भी है। महिला का आरोप है कि वैवाहिक संबंध होने के बावजूद कथावाचक देवेंद्र पाठक वर्तमान में दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं। पीड़िता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल सहित अयोध्या के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती मां को बताई, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हमीरपुर जिले के विकास और शहरवासियों को एक बेहतरीन सौगात देने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने हाल ही में सिटी फॉरेस्ट पार्क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, डीएफओ (प्रभागीय वनाधिकारी) और पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सहित कई प्रमुख आला अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पार्क में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और उनमें तेजी लाना था।
फर्रुखाबाद की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल 195 भोजपुर विधानसभा में आगामी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के संभावित दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। टिकट की दौड़ में शामिल नेता अपने-अपने स्तर से जनता के बीच पहुंचकर संगठन और जनाधार मजबूत करने में जुटे हैं।
प्रयागराज के राजकीय टीबी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की लापरवाही और भ्रष्टाचार का बड़ा खेल सामने आया है। यहां इलाज के लिए आने वाले गरीब मरीजों को मुफ्त मिलने वाली सरकारी दवाएं पूरी नहीं दी जा रही हैं। मजबूरन मरीजों को बाहर के मेडिकल स्टोरों से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।

बरेली के परसाखेड़ा स्थित वाडीलाल आइसक्रीम फैक्ट्री के गोदाम में शनिवार सुबह नौ बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। घना धुआं उठते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

हमीरपुर के NH-34 पर ओम ढाबा के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो लड़कों और एक लड़की समेत तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय हमीरपुर भेज दिया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हमीरपुर में 12 सितंबर को जिला जज मनोज कुमार राय की देखरेख में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सिविल जज सीनियर डिवीजन वन्दना अग्रवाल ने बताया कि इस लोक अदालत में पारिवारिक, वैवाहिक, दीवानी, राजस्व, बिजली-पानी, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना और प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह से निस्तारण होगा। इससे वादकारियों के समय और धन दोनों की बचत होगी।
हमीरपुर के सुमेरपुर में DIG और मंडलायुक्त ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 14 से 17 सितंबर तक आयोजित होने वाले 176 साल पुराने ऐतिहासिक तीजा महोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा; सुरक्षा के लिए 352 पुलिसकर्मी, पीएसी और फायर टीम तैनात।
देवरिया के भलुअनी में मनीष उर्फ मोनू सिंह हत्याकांड के बाद एसपी अभिजीत आर शंकर ने कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दो थाना प्रभारियों का फेरबदल किया है। भलुअनी थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिनेश मिश्रा को नया कार्यभार सौंपा गया है, जबकि देवेंद्र सिंह को एकौना थाने की कमान मिली है। नए एसएचओ दिनेश मिश्रा ने मोनू सिंह हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बरेली चिटफंड कंपनियों के जरिये हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में जेल भेजे गए सगे भाई सूर्यकांत मौर्य और शशिकांत मौर्य की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। पुलिस अब दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है। दोनों भाइयों पर बदायूं और बरेली में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि अलग-अलग कंपनियां खोलकर करीब 35 हजार लोगों से लगभग 800 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
जरवलरोड क्षेत्र में गोंडा जिले के परसपुर थाना अंतर्गत रक्सड़िया मल्लाहन पुरवा गांव के निवासी विनोद साहनी की हत्या के बाद से प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में बना हुआ है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद शुक्रवार की शाम करीब चार बजे जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए उनके घर की तरफ रवाना हुआ, तो रास्ते में पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस और नेताओं के बीच तीखी झड़प और नोकझोंक हुई, जिसके चलते लखनऊ-बहराइच मार्ग पर आवागमन ठप हो गया और लंबा जाम लग गया।

फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में मोबाइल नेटवर्क न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने जियो टावर के एक तकनीशियन को खंभे से बांध दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 उपद्रवी ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
महराजगंज के कोल्हुई थाना के जोगियाबारी चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान हुए विवाद का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। पहले पुलिस की ओर से कार्रवाई करते हुए दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया और अब उन्हीं में से एक युवक उमेश कुमार ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। युवक के आरोपों के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी एक महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो साहसी छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के इन दोनों छात्रों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव में छलांग लगाकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया था, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।

प्रतापगढ़: कंधई थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के छात्र के साथ दिलीपपुर थाना क्षेत्र में दबंगई का मामला सामने आया है। शनिवार को कालेज से घर लौटते समय सई नदी पुल के पास बुलेट सवार दबंग युवकों ने छात्र को रोककर बेल्ट से बेरहमी से पीटा।

देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में एक युवक द्वारा चार साल तक धर्म छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी, उसके भाई और भाभी ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव डाला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने खुशरुद्दीन अंसारी और नूर मोहम्मद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तनाव की आशंका को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
फर्रुखाबाद जनपद को आलू उत्पादन के लिए प्रदेश के प्रमुख जिलों में गिना जाता है। यहां बड़ी संख्या में किसान आलू की खेती करते हैं और अच्छी पैदावार के बाद अपनी फसल को कोल्ड स्टोरेज में भंडारित कर उचित समय पर बेचने की उम्मीद रखते हैं। लेकिन इस बार आलू की कीमतों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

बरेली में किला नदी का उफान थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे किला छावनी और कर्मचारीनगर की कॉलोनियों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि लाजपतनगर के 98 में से 90 घरों पर ताले लटक चुके हैं और लोग रिश्तेदारियों या होटलों में शरण लेने को मजबूर हैं।

बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के रुदायन वार्ड एक में बकरी के बच्चे को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया, जहां दबंगों ने घर में घुसकर दिव्यांग प्रशिक्षु अधिवक्ता सुशील कुमार के परिवार पर लाठी-डंडों, ईंटों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में सुशील के माता-पिता, बहन और दिव्यांग भाई सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से कड़ी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है, जबकि प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

मिर्जापुर में देवी-देवताओं के स्वरूप को सार्वजनिक मंचों पर मनोरंजन और पैसे कमाने का जरिया बनाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी विपिन कुमार मिश्र ने नगर मजिस्ट्रेट को प्रार्थना पत्र देकर ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के कृत्यों से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।
Agra: जब इश्क परवान चढ़ता है तो न जाति की दीवारें नजर आती हैं और न ही अपनों की नाराजगी। नागपुर के रहने वाले और मथुरा रिफाइनरी में अधिकारी एक युवक और आगरा की एक युवती की प्रेम कहानी भी कुछ ऐसी ही शुरू हुई थी। रिफाइनरी में प्रशिक्षण के दौरान हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। युवती के सवर्ण परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, लेकिन प्रेमी जोड़े ने बगावत का रास्ता चुना। 20 अप्रैल 2007 को नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में ईश्वर को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे ले लिए। शुरुआत में दुनिया की परवाह किए बिना शुरू हुई यह गृहस्थी बेहद खुशहाल थी।
मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में 9 अक्टूबर की गौकशी की घटना में शामिल बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान फायरिंग करने पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सावेज नामक एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से तमंचा, चाकू, रस्सा और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।

सुलतानपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बिजली चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ में तीन घायलों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के पास से भारी मात्रा में अवैध उपकरण और चोरी से जुड़ी सामग्री बरामद की है। इस सनसनीखेज खुलासे से इलाके में हड़कंप मच गया है।

हाथरस पुलिस ने अपराध नियंत्रण और वैज्ञानिक विवेचना को प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वचालित फिंगर प्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS) के तहत सभी थानों के हैड मोहर्रिरों को मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी उपकरण वितरित किए हैं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

सुलतानपुर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शनिवार, 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सुलह-समझौते के आधार पर आपराधिक, दीवानी, वैवाहिक, बैंक वसूली और मोटर दुर्घटना जैसे विभिन्न लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वादकारियों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाना और उनके समय व धन की बचत करना है।

सुलतानपुर में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो उद्बोधन की स्मृति में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से शुक्रवार को दिग्विजय दिवस का आयोजन किया गया। विवेकानंद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्र निर्माण के संदेश को याद किया गया। इस दौरान सर्वेशा राज ने प्रांत सह प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में संगठन की सदस्यता ग्रहण की।

देवरिया के सलेमपुर थाना क्षेत्र के सोहनाग मोड़ के पास शुक्रवार रात खुले में रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से शराब के नशे में गुजर रहे लगभग 35 वर्षीय युवक की झुलसकर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर भारी लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

हमीरपुर के मुस्करा क्षेत्र में गहरौली गांव निवासी माधव प्रसाद बाइक से घर जाते समय अचानक वाहन फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मुस्करा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
मिर्जापुर में संगमोहाल के पास कॉलेज से लौट रही छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाले चार शोहदों- सूरज यादव, लालू यादव, चंद्रेश यादव और विवेक को पुलिस ने दबोच लिया है। छात्राओं ने सीधे सीओ सिटी अमित कुमार की गाड़ी रोककर अपनी आपबीती सुनाई थी, जिसके बाद कटरा कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
झांसी पुलिस ने चेकिंग के दौरान पहाड़पुरा नहर पुल के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 किलो गांजा और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
झांसी कोतवाली पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो बैंक पासबुक बरामद की हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज 11 शिकायतों में कुल 7.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला जुड़ा हुआ है।
कन्नौज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब उनकी बाइक डिवाइडर क्रॉस कर रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Location : Lucknow
Published : 12 September 2026, 8:12 AM IST