हिंदी
यूपी की सभी छोटी बड़ी खबरें पढ़ें एक साथ (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार धमकी मिलने के बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और विमान की गहन जांच शुरू कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रोटोकॉल अपनाए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।
अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब ऊदला मीट फैक्ट्री में काम करने वाली महिलाओं ने ठेकेदारों पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए। महिलाओं का कहना है कि चेंजिंग रूम में कपड़े बदलते समय उनके साथ गलत हरकतें की गईं। आरोपों से आक्रोशित महिलाओं ने थाने का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और लिखित शिकायत भी पुलिस को सौंपी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
सहारनपुर जिले के थाना मंडी क्षेत्र के पक्का बाग इलाके में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गोरखनाथ एक्सप्रेस के सामने एक रेलवे वेंडर ने अचानक छलांग लगा दी। वेंडर को बचाने के प्रयास में GRP का एक सिपाही भी ट्रैक पर कूद गया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। लेकिन ट्रेन की चपेट में आने से वेंडर अमर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बताया जा रहा है कि GRP मौके पर दो वेंडरों के बीच हुए विवाद को सुलझाने में जुटी थी, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
राजधानी दिल्ली में खराब मौसम के कारण विमान परिचालन प्रभावित हो गया, जिससे बैंकॉक और गुवाहाटी से दिल्ली जा रहे दो विमानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर दोनों विमानों को लखनऊ में उतारा गया। कुछ समय तक इंतजार के बाद जैसे ही मौसम सामान्य हुआ, दोनों विमानों को आगे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
अलीगढ़ जिले के गोरई क्षेत्र में मुकुंदपुर रोड स्थित नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव दिखाई देने पर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस युवक की पहचान कराने में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फर्रुखाबाद जिले के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां फोन पर बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने युवती पर फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार युवती और युवक के बीच पहले से फोन पर बातचीत होती थी, लेकिन जब युवती ने बातचीत करना बंद कर दिया तो युवक आक्रोशित हो गया। इसी रंजिश में युवक घर में घुस आया और मां के साथ बैठी युवती को गोली मारकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और घायल युवती को आनन-फानन में जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बदायूं जिले में मूसाझाग क्षेत्र के बजर मेहंदी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक वाहन ने दूसरे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आजमगढ़ के लालगंज तहसील परिसर में एक फर्जी अधिवक्ता पकड़े जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अधिवक्ताओं को संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने कथित फर्जी अधिवक्ता को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के प्रीतनगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय युवक देवांश ने कथित तौर पर लाइव वीडियो बनाते हुए खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि युवक ने पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली चलाई, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद युवक नहर के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संभल जिले में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बहजोई क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को परिवहन से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 12 जून को 30 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। पहले चरण में प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन शुरू होगा।
फतेहपुर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड इलाके में एक व्यापारी के साथ दिनदहाड़े मारपीट का मामला सामने आया है। दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी पर दबंगों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने व्यापारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे व्यापारी के भाई को भी दबंगों ने नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट कर दी।
मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पंचायत सहायक ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश कर दी। युवक अपने साथ हुए कथित अन्याय और पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज बताया जा रहा है। हालांकि मौके पर मौजूद सिविल डिफेंस के जवान की सूझबूझ और तेजी से बड़ा हादसा टल गया।
गाजियाबाद के रहने वाले मशहूर रागनी सिंगर पेप्सी शर्मा के निधन के बाद गुरुवार की शाम को मशहूर हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी (Sapna Choudhary) उनके घर पहुंची। सपना चौधरी ने अपने पुराने साथी पेप्सी शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बलरामपुर में एक नामित सभासद पर हुए कथित जानलेवा हमले ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज भाजपा पदाधिकारी, नगर पालिका परिषद के सभासद और जनप्रतिनिधि नगर कोतवाली पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए। हालात ऐसे बन गए कि कोतवाली परिसर कुछ समय के लिए आंदोलन स्थल में तब्दील हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हनुमान चालीसा का पाठ और भगवान श्रीराम के नाम का संकीर्तन किया।
Location : Lucknow
Published : 12 June 2026, 7:29 AM IST