हिंदी
गैस रिसने से अचानक भड़कीं लपटें (Img: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ऐराया सादात (पचघरा) गांव में मंगलवार देर रात सिलेंडर के पाइप में लीकेज होने से एक घर में भीषण आग लग गई। आग की घटना में घर का छप्पर और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कल्लू दर्जी के घर में देर रात खाना बनने के काफी समय बाद अचानक सिलेंडर के पाइप से गैस रिसने लगी। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और लपटें पूरे घर में फैल गईं। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे घर का छप्पर और उसमें रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
आग की तेज लपटें छप्पर के ऊपर से गुजर रही विद्युत केबलों तक पहुंच गईं, जिससे आसपास के घरों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। आग फैलती देख मोहल्ले के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने-अपने समरसेबल पंप चलाकर पानी डालना शुरू किया। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
Fatehpur News: जमीन पर कब्जे की नीयत और खूनी झड़प, जानिए क्यों सुलग उठा यह शांत गांव
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई थी, लेकिन खागा चौकी की ओर जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति के कारण दमकल वाहन समय पर मौके तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में ग्रामीणों ने ही मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक दिया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि पीड़ित परिवार का घरेलू सामान और छप्पर पूरी तरह जल जाने से उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Location : Fatehpur
Published : 8 July 2026, 1:57 PM IST
Topics : crime news fatehpur news Fire Accident UP News UP Police