हिंदी
लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित ऊँचाहार के इटौरा बुजुर्ग टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कार्पियो सवार कुछ लोगों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट करते हुए जमकर उत्पात मचाया।
टोल कर्मियों के बीच मारपीट
Lucknow: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित ऊँचाहार के इटौरा बुजुर्ग टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कार्पियो सवार कुछ लोगों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट करते हुए जमकर उत्पात मचाया। घटना में टोल मैनेजर सहित एक कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि स्कार्पियो सवार लोग टोल प्लाजा की वीआईपी लाइन से बिना शुल्क दिए वाहन निकालना चाहते थे। टोल कर्मचारियों द्वारा नियमों का हवाला देते हुए रोकने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने टोल कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में टोल मैनेजर विश्वदत्त पांडेय और एक अन्य कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अन्य कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Maharajganj News: गेहूं के खेत में शव मिलने से सनसनी, परिजन बोले- घर से बुलाकर ले गए और…
घटना के बाद टोल मैनेजर विश्वदत्त पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने स्कार्पियो सवार चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
टोल प्लाजा पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि आए दिन दबंग वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए विवाद करते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने प्रशासन से टोल प्लाजा पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Rudraprayag News: दहशत के बीच मिली राहत की खबर, पिंजरे में कैद हुआ ये खूंखार जानवर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।