हाथों में काम नहीं, अब होगी कलम, गोरखपुर पुलिस ने बाल श्रम कर रहे बच्चों को मुक्त कराकर समझाया पढ़ाई का महत्व

गोरखपुर में रविवार को एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग पुलिस यूनिट ने चेकिंग अभियान चलाकर बाल श्रम कर रहे दो नाबालिगों को मुक्त कराया। पुलिस ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के बाद उन्हें पुनर्वास और वैधानिक प्रक्रिया के लिए सिटी चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले में बाल मजदूरी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत, एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) पुलिस यूनिट ने रविवार को एक बड़ा ऑपरेशन चलाया और खोराबार इलाके से बाल मजदूरी में लगे दो नाबालिगों को बचाया। पुलिस ने बच्चों को अपनी सुरक्षा में लिया, उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया और आगे की कार्रवाई के लिए सिटी चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया।

दो नाबालिग कर रहे थे श्रम

पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन में थाना प्रभारी एएचटी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान खोराबार थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बाल श्रम करते हुए पाए गए। प्राथमिक जांच में दोनों बच्चों के बालश्रम में संलिप्त होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल उन्हें वहां से मुक्त कराया।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: तीन दिन में खुला चोरी का राज, खोराबार पुलिस ने बाइक चोरों को ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे

पुलिस ने बच्चों को पढ़ाई का समझाया महत्व

रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें पढ़ाई का महत्व समझाया। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहकर शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। पुलिस ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

इसके बाद नियमानुसार दोनों नाबालिगों को सिटी चाइल्ड हेल्पलाइन, गोरखपुर के सुपुर्द किया गया, जहां उनके पुनर्वास, परामर्श, परिवार की पहचान तथा अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

बच्चों का भविष्य संवार की अपील

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से मजदूरी कराई जाती दिखाई दे या मानव तस्करी अथवा बालश्रम से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें। समय पर दी गई सूचना किसी बच्चे का भविष्य संवार सकती है।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: आखिर कैसे खाताधारकों की आंखों में धूल झोंक रहा था ये ठग? डाकघर ठगी मामले में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

सुरक्षित बचपन के लिए चलाए जाएंगे अभियान

गोरखपुर पुलिस का कहना है कि बालश्रम और मानव तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बालश्रम कराने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों का बचपन सुरक्षित रह सके और समाज में इस कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 July 2026, 6:30 PM IST

Advertisement