गोरखपुर में 8 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा 10 हजार का इनामी, जानिए कौन है?

गोरखपुर पुलिस ने आठ साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी वीरेंद्र उर्फ हजारी सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के हिसार जिले का रहने वाला है और अवैध शराब की तस्करी, धोखाधड़ी तथा जालसाजी के मामले में लंबे समय से वांछित था।

Gorakhpur : गोरखपुर पुलिस ने आठ साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर अवैध शराब की तस्करी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खोराबार पुलिस ने की।

अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष खोराबार सुधांशु सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरियाणा निवासी वीरेंद्र उर्फ हजारी सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राम सिसर, थाना बांस, जनपद हिसार (हरियाणा) का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।

अवैध देशी शराब बरामद

पुलिस ने बताया कि साल 2018 में थाना खोराबार क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 पेटियों में रखी 9,600 शीशियां (180 एमएल) यानी कुल 1,728 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई थी। मौके से एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई थीं। इस मामले में आबकारी अधिनियम तथा धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

गोरखपुर में शंका करने के बहाने बॉयफ्रेंड के साथ जेवर-नकदी लेकर विवाहिता फरार, पति थाने पहुंचाकर बोला- मेरी पत्नी……

10 हजार रुपये का इनाम

घटना के बाद वीरेंद्र उर्फ हजारी सिंह पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार हो गया था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। वह पुलिस को चकमा देता रहा। फरारी के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

रविवार को खोराबार पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह, उपनिरीक्षक मणि प्रसाद, उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रिजेश और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अशोक चौधरी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 July 2026, 6:53 PM IST

Related News

Advertisement