हिंदी
तारक मेहता शो में जेठालाल का ट्रैक होगा छोटा (instagram- Kuldeep Gor)
New Delhi: मशहूर कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। इस शो का हर एक किरदार लोगों के दिलों में बसा है, खासकर जेठालाल का रोल निभाने वाले दिग्गज अभिनेता दिलीप जोशी। जेठालाल के बिना फैंस इस शो की कल्पना भी नहीं कर सकते। लेकिन अब इस शो के प्रेमियों के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जो उन्हें थोड़ा निराश कर सकती है। चर्चा है कि आने वाले समय में मेकर्स शो के मुख्य किरदार यानी जेठालाल का स्क्रीन टाइम कम करने की योजना बना रहे हैं।
खबरों की मानें तो जेठालाल का रोल कम करने के पीछे मुख्य वजह उनकी शूटिंग के दिन और फीस को माना जा रहा है। जेठालाल का किरदार निभाने वाले दिलीप जोशी महीने में केवल 15 दिन ही शूटिंग करते हैं, जबकि वह इस रोल के लिए काफी मोटी फीस लेते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शो के मेकर्स अब कहानी को थोड़ा बदलने की तैयारी में हैं ताकि मुख्य किरदारों पर निर्भरता को कम किया जा सके।
शो में कुछ समय पहले ही एक नए राजस्थानी परिवार की एंट्री हुई है। इस परिवार में कुल चार लोग हैं- पति, पत्नी और उनके दो बच्चे।
अभिनेता कुलदीप गोर शो में 'रत्न सिंह बिंजोला' का किरदार निभा रहे हैं।
अभिनेत्री धरती भट्ट उनकी पत्नी 'रूपा' के रोल में नजर आ रही हैं।
इनके बच्चों में बेटी बंसरी का रोल माही भाद्रा और बेटे वीर का रोल अक्षय सहरावत प्ले कर रहे हैं।
शो में रत्न सिंह बिंजोला की साड़ी की दुकान दिखाई गई है। मेकर्स अब इस नए परिवार पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं। हाल ही के एपिसोड्स में रत्न की दुकान में साड़ी की सेल से लेकर गणपति पूजा के दौरान उनके बच्चों की जिद जैसे कड़ियों पर ज्यादा ध्यान दिया गया है।
अगर आपने ध्यान दिया हो, तो पिछले कुछ समय से शो में जेठालाल का ट्रैक नजर ही नहीं आ रहा था। काफी दिनों तक कहानी पूरी तरह से बाघा और बावरी के इर्द-गिर्द घूम रही थी और दिलीप जोशी स्क्रीन से पूरी तरह गायब थे। हालांकि, लंबे समय के बाद अब जाकर जेठालाल का ट्रैक दोबारा शो में वापस आया है।
हालांकि इस खबर के आने के बाद से ही जेठालाल के फैंस काफी परेशान हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि अभी तक मेकर्स की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। शो के निर्माताओं ने जेठालाल का ट्रैक कम करने और रत्न सिंह बिंजोला के परिवार का ट्रैक बढ़ाने की खबरों पर अभी तक अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में शो की कहानी क्या नया मोड़ लेती है।
Location : New Delhi
Published : 12 July 2026, 3:11 PM IST
No related posts found.