गोरखपुर में लूट से लेकर हत्या के प्रयास तक… इस अपराधी की गिरफ्तारी ने सबको चौंकाया

गोरखपुर पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित गैंग लीडर उग्रसेन चौहान उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Gorakhpur : जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहा कुख्यात गैंग लीडर उग्रसेन चौहान उर्फ लाला आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी पर लूट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे कई संगीन आरोप हैं। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय संगठित अपराध पर बड़ा असर पड़ेगा।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित था आरोपी

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और थाना एम्स के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित उग्रसेन चौहान उर्फ लाला को गिरफ्तार किया। आरोपी पिपराइच थाना क्षेत्र के खुटहवा तुर्रा नाला का रहने वाला है।

राहगीरों को बनाता था निशाना

जांच में सामने आया है कि उग्रसेन चौहान अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर राहगीरों और आम लोगों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह लूट जैसी संगठित वारदातों को अंजाम देता था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना रहता था। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ थाना एम्स में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

15 गंभीर मुकदमे हैं दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उग्रसेन चौहान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ एम्स, शाहपुर और पिपराइच थानों में लूट, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, आर्म्स एक्ट, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 से लेकर 2025 तक वह कई गंभीर मामलों में नामजद रहा है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक सत्यम मिश्रा, हेड कांस्टेबल प्रभात दुबे, कांस्टेबल शशिकांत सिंह और आरक्षी रजनीश कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अफसर ने बताया कि जिले में संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 July 2026, 5:21 PM IST

Advertisement