हिंदी
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
Maharajganj : उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत रविवार को जनपद ने हरियाली की दिशा में नया कीर्तिमान स्थापित किया। जिलेभर में एक ही दिन करीब 32 लाख 38 हजार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, सशस्त्र सीमा बल, विभिन्न सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिले के गांवों से लेकर सरकारी परिसरों और वन क्षेत्रों तक पौधारोपण की व्यापक तस्वीर देखने को मिली।
अभियान का मुख्य कार्यक्रम 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ के उपाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश तिवारी ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह और प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाए।
महराजगंज में जमीन, परिवार और गायब पति… 25 साल तक चुप रही महिला, कोर्ट पहुंची तो मच गया हड़कंप
डॉ. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जन्मदात्री मां और धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भावनात्मक और सांस्कृतिक अभियान है।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन की आधारशिला हैं। पौधे लगाना जितना जरूरी है। उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण करना है।
मुख्य कार्यक्रम के अलावा जिले के सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और वन क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया।
ग्राम पंचायत दरहटा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जनपद के नोडल अधिकारी अनुज कुमार झा और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने हरिशंकरी परंपरा के तहत बरगद, पीपल और पाकड़ के पौधे लगाए।
प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र ने बताया कि अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों की जियो टैगिंग कराई जा रही है। इससे पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का आयोजन नहीं है।
बृजमनगंज नगर पंचायत ने उठाया हरियाली का संकल्प
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में "वन महोत्सव 2026" के तहत वृहद वृक्षारोपण अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत नगर पंचायत क्षेत्र में 650 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।अभियान की शुरुआत रविवार को नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने "एक पेड़ मां के नाम" थीम के अंतर्गत पौधा लगाकर की। इस दौरान उन्होंने आमजन से भी अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
वृक्षारोपण अभियान
वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरणा लेकर नगर पंचायत ने यह लक्ष्य रखा है। पेड़ ही हमारे जीवन का आधार हैं।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 5:58 PM IST