हिंदी
आठ लोगों के खिलाफ में मुकदमा दर्ज (Img : pinterest)
Maharajganj : पनियरा थाना क्षेत्र के गोनहा गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसने सालों पुराने पारिवारिक विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है। करीब 25 सालों से कथित उत्पीड़न झेल रही एक विवाहिता की शिकायत पर न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दो महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोनहा गांव निवासी कलावती देवी ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि विवाह के कुछ सालों बाद बेटी के जन्म के साथ ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। उनके जेठ, जेठानी और परिवार के अन्य सदस्य कथित रूप से उन्हें और उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करते रहे। मारपीट, गाली-गलौज और घर छोड़ने की धमकी देना आम बात हो गई। महिला का आरोप है कि कई बार उन्हें और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के अनुसार, हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपनी बेटी के साथ मायके में शरण लेनी पड़ी। साल 2015 में परिवार न्यायालय से उन्हें भरण-पोषण का आदेश भी मिला लेकिन आरोप है कि आज तक उस आदेश का पालन नहीं किया गया। महिला ने बताया कि गांव में कई बार पंचायत हुई। जहां उनके हिस्से की संपत्ति देने की बात उठी, लेकिन विरोधी पक्ष ने कथित रूप से मारपीट और धमकी का रास्ता अपनाया।
महिला ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल खेत में सीमित हिस्सा देकर रहने को मजबूर किया गया, जबकि पैतृक मकान में उनका हिस्सा नहीं दिया गया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि परिवार के लोगों ने उनके पति को अपने प्रभाव में लेकर वर्ष 2025 में जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद पति के लंबे समय तक लापता रहने से उन्हें उनकी हत्या की आशंका होने लगी।
कलावती देवी के अनुसार, मार्च में उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति को कथित रूप से गुमराह कर जमीन का बैनामा कराया गया है। इसके बाद उन्होंने 31 मार्च को पनियरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि 24 अप्रैल को उनके पति को थाने पर लाया गया लेकिन बाद में उन्हें फिर आरोपितों के साथ भेज दिया गया। महिला ने बताया कि पूरा घटनाक्रम संपत्ति हड़पने की नीयत से अंजाम दिया गया।
स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। सिविल जज न्यायिक मजिस्ट्रेट एफटीसी द्वितीय के आदेश के बाद पनियरा पुलिस ने राघव, सीताराम, मैना देवी, संदीप, मंजू देवी, धीरज, नीरज और किशन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अलग-अलग गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 1:45 PM IST