हिंदी
रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर जाम
Ballia : रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी 50 वर्षीय कामजी गोंड की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने पुलिस पर बर्बर पिटाई का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
Ballia : रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी 50 वर्षीय कामजी गोंड की मौत के बाद मामला गरमा गया है। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने रेवती-बलिया मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। @balliapolice #Ballia… pic.twitter.com/ujeR6DPArq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 12, 2026
शनिवार देर रात पुलिस की निगरानी में कामजी गोंड का शव गांव पहुंचा। रविवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब 10 बजे रेवती-बलिया मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता, सीओ मंजरी राव सहित पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। करीब आधे घंटे तक समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि सात जुलाई को गायघाट के खेदन चौराहे पर कामजी गोंड के पुत्र विशाल और गांव निवासी सूरज कनौजिया के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में सूरज पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस आठ जुलाई को विशाल को पूछताछ के लिए बुलाने उसके घर पहुंची थी लेकिन विशाल के नहीं मिलने पर उसके पिता कामजी गोंड को उठाकर थाने ले गई। आरोप है कि थाने में उनके साथ मारपीट की गई।
बलिया में थाने से फरार हुआ 25 हजार का इनामी बदमाश, रिकॉर्ड जांचते ही पुलिस के उड़े होश
परिजनों के अनुसार, कथित पिटाई के बाद कामजी की हालत बिगड़ गई। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी भेजा गया। जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शनिवार को वाराणसी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद देर रात पुलिस की निगरानी में शव गांव पहुंचाया गया।
मृतक की पत्नी कलावती देवी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके पति को घर से लेकर गए थे। काफी मिन्नत करने के बाद भी पुलिस नहीं मानी। बाद में कामजी को घायल अवस्था में ठगनी माई के मठिया के पास छोड़ दिया गया। जहां से परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए।
मृतक की भांजी लक्ष्मी ने भी आरोप लगाया कि पुलिस कामजी को घर से थाने ले गई और मारपीट के बाद मठिया के पास छोड़कर चली गई।
मृतक के पुत्र विशाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। तहरीर में पुलिसकर्मियों सहित अन्य लोगों पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने, दोषियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की मांग की है।
एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि विशाल और सूरज के बीच मारपीट का मामला था। पुलिस विशाल के पिता कामजी गोंड को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई थी। पूछताछ के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था।
उन्होंने बताया कि तबीयत खराब होने पर कामजी को सीएचसी और बाद में बीएचयू ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों की मुख्य मांग निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की है।
Location : Ballia
Published : 12 July 2026, 5:20 PM IST