बलिया में थाने से फरार हुआ 25 हजार का इनामी बदमाश, रिकॉर्ड जांचते ही पुलिस के उड़े होश

बलिया के सुखपुरा थाने से एक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बाद में उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि वह 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश तेज कर दी गई।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 27 June 2026, 2:49 PM IST
google-preferred

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली गांव में शुक्रवार शाम शराब के नशे में उत्पात मचा रहे एक युवक को ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 पीआरबी पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए सुखपुरा थाने लाया गया। बताया जा रहा है कि उस समय क्षेत्र में मोहर्रम के जुलूस के चलते पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थे। इसी का फायदा उठाकर युवक थाना परिसर के पीछे के रास्ते से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

रिकॉर्ड जांचते ही पुलिस के उड़े होश

युवक के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की। जांच में सामने आया कि फरार युवक सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान निवासी प्रिंस यादव है। उसके खिलाफ सदर कोतवाली सहित जिले के कई थानों में मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, प्रिंस यादव सदर कोतवाली पुलिस का 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

Ballia News: सियासी रंजिश या पुरानी दुश्मनी? प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी पर हमला

मोहर्रम ड्यूटी के बीच हुई चूक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय पुलिसकर्मी मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थे। इसी दौरान थाने में पर्याप्त निगरानी नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

फरार बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी के फरार होने में कहीं पुलिस की लापरवाही तो नहीं रही। यदि जांच में किसी की जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

Location :  Ballia

Published :  27 June 2026, 2:49 PM IST

Advertisement