हिंदी
योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया विशेष पूजन (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: विजयादशमी के अवसर पर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में मंगलवार सुबह भक्ति और पारंपरिक अनुष्ठानों का विशेष दृश्य देखने को मिला। गोरक्षपीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर लोक कल्याण की प्रार्थना की। दो घंटे से अधिक समय तक चले इस अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार, शंख, डमरू, घंट और तुरही की गूंज के बीच गोरक्षपीठ की परंपराओं का निर्वहन किया गया। इस दौरान सीएम योगी ने अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज समेत नाथपंथ के अन्य मनीषियों को भी नमन किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
विजयादशमी के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजन की शुरुआत शक्तिपीठ से हुई। यहां शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा से ही जगतजननी आदिशक्ति की आराधना के अनुष्ठान चल रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शक्तिपीठ में वेदी पूजन किया और लोकमंगल की प्रार्थना की। इसके बाद वह मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, अन्य साधु-संतों, संस्कृत विद्यापीठ के आचार्यों और वेदपाठी छात्रों के साथ गुरु गोरखनाथ के मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे।
लखनऊ बनेगा AI का बड़ा केंद्र? योगी सरकार ने बढ़ाए कदम, जानिए कहां बनेगी सिटी
गुरु गोरखनाथ की विधिवत आराधना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित अखंड ज्योति और सभी देव विग्रहों का पूजन किया। उन्होंने नाथपंथ के मनीषियों के विग्रहों के साथ अखंड धूना, यज्ञशाला और भीम सरोवर में भी विशेष पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान सीएम योगी ने हाथ जोड़कर महायोगी गुरु गोरखनाथ और मंदिर में स्थापित सभी देव विग्रहों की परिक्रमा की। विजयादशमी पर गोरक्षपीठ में होने वाला यह विशेष अनुष्ठान नाथपंथ की परंपराओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।
विजयादशमी के पूजन क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज समेत नाथपंथ के प्रमुख मनीषियों के समाधि स्थलों पर भी पहुंचे। उन्होंने महंत अवेद्यनाथ महाराज, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ महाराज और योगिराज बाबा गंभीरनाथ महाराज की प्रतिमाओं के समक्ष शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने इन सभी मनीषियों का विधिवत पूजन कर श्रद्धा व्यक्त की और आशीर्वाद लिया।
सीएम योगी बोले- बेटी के जन्म से पढ़ाई और शादी तक सरकार दे रही आर्थिक मदद, जानें योजनाएं
गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों के सुखमय, शांतिमय और समृद्ध जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व के रूप में मनाया जाता है।
गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोपूजन किया और गोमाता को श्रद्धाभाव से गुड़ खिलाया। इस दौरान वह गोवंश को दुलारते और उनकी सेवा करते नजर आए। गोसेवा के बाद मुख्यमंत्री ने भीम सरोवर में मछलियों को भी लाई खिलाई।
Location : Gorakhpur
Published : 20 October 2026, 3:46 PM IST