हिंदी
पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट (Img: AI)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून का रुख लगातार बदलता नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले तक कई जिलों में लगातार हुई तेज बारिश से जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए थे, वहीं अब मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार यानी 13 जुलाई को प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना है। दूसरी ओर पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के 13 जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। जिन जिलों को अलर्ट पर रखा गया है उनमें गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल हैं।
ये भी पढ़ें - Lucknow News: नशे में धुत स्कूल वैन चालक का तांडव, मासूमों की जिंदगी दांव पर लगाकर युवक को 20 मीटर तक घसीटा
प्रशासन ने इन जिलों के लोगों से अपील की है कि वे बिजली चमकने के दौरान खुले आसमान के नीचे या पेड़ों के पास न जाएं और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहें।

पूर्वांचल के ठीक उलट, पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ और कानपुर जैसे बड़े शहरों को 'ग्रीन जोन' में रखा गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में फिलहाल भारी बारिश के आसार नहीं हैं, मौसम सामान्य रहेगा और अच्छी धूप खिलेगी।
इस साल उत्तर प्रदेश में मॉनसून सामान्य समय से लगभग 10 दिन की देरी से पहुंचा। हालांकि, सक्रिय होने के बाद इसने कई जिलों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश की, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ गया और कई जगहों पर भारी जलभराव हो गया। फिलहाल, राज्य भर में मॉनसून का असर एक जैसा नहीं दिख रहा है। जहां पूर्वी जिलों में फिर से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, वहीं पश्चिमी और मध्य इलाकों में मौसम के फिलहाल शांत रहने की उम्मीद है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे ताजा जानकारी पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Location : Lucknow
Published : 12 July 2026, 7:23 PM IST