हिंदी
जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां जनपद के दन्नाहार थाना क्षेत्र के ग्राम सथनी में उस समय हड़कंप मच गया जब जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
क्या है पूरी घटना
गांव सथनी निवासी अशोक कुमार पुत्र अनोखेलाल और मालिखान सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल
घटना में घायल हुए लोगों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। वहीं सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते विवाद का समाधान कराया गया होता तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Location : Mainpuri
Published : 18 April 2026, 2:47 PM IST
Topics : Latest News up crime UP News UP Police