हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
बुलंदशहर के सिकंदराबाद में नोएडा के युवक से कथित मारपीट के मामले में दरोगा और सिपाही के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। SSP के आदेश पर औद्योगिक चौकी में तैनात SI शीलेन्द्र कुमार और सिपाही अखिलेश के खिलाफ कार्रवाई हुई। मामले में लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी को भी निलंबित किया गया है।
मुरादाबाद की गौशालाओं में चारे की खरीद को लेकर भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने निजी सप्लायर से महंगे दाम पर भूसा खरीदने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। आरोप है कि 450 रुपये प्रति क्विंटल भूसा खरीदा जा रहा था, जबकि अन्य जिलों में कीमत 150 रुपये है। डीएम को जांच के निर्देश दिए गए।
फर्रुखाबाद में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) की कानपुर इकाई ने बिजली विभाग के एक जेई और एसएसओ को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। विजिलेंस के अनुसार गुरौरा क्षेत्र से जुड़े जेई अजीत राजपूत ने शिकायतकर्ता से नए बिजली कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया और 33/11 विद्युत उपकेंद्र याकूतगंज स्थित कार्यालय में छापा मारकर जेई अजीत राजपूत तथा एसएसओ चन्द्रभान को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में पंजाब बैंक के पास सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घर में सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रामाशंकर पुत्र झिंगुरी (70 वर्ष) और उनकी पत्नी अशोक कुमारी (65 वर्ष) के रूप में हुई। एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर फैलते ही परिवार व रिश्तेदारों में मातम छा गया।
फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप गांव की जामा मस्जिद के मौलवी अब्दुल समद पर है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक छात्रा का शोषण किया। छात्रा को लेकर भागने की कोशिश के दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

हमीरपुर के राठ में दो बसों की टक्कर में करीब एक दर्जन बच्चे घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायल बच्चों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए। सीएम ने परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने सभी घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पीलीभीत के बीसलपुर में मदरसा यादगारे इस्लाम खां की NOC रद्द होने के बावजूद संचालन जारी रहने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जर्जर इमारत में मदरसा चल रहा है और प्रशासन इसे बंद नहीं करा पाया। मदरसा संचालक अफशान खान पर भी कथित तौर पर दबंगई के आरोप लगाए गए हैं। मामले ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।
बिजनौर में पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए डीएम जसजीत कौर ने बढ़ापुर और चांदपुर क्षेत्र के प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। डीएम ने ट्रैक्टर पर बैठकर मुरादबख्शपुर और कादरगंज का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत-बचाव व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान नेपाली मूल की दो महिलाओं के बैग से 32 बोर का कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों महिलाएं लखनऊ से दिल्ली जाने वाली थीं। सुरक्षा एजेंसियों ने कारतूस बरामद कर महिलाओं को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। मामले की जांच में कारतूस एयरपोर्ट तक पहुंचने की वजह सामने आएगी।
शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गोहानी में चारदीवारी गिराने पहुंची टीम के सामने किसान ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। आरोप है कि मौके पर अधिकारी और पुलिसकर्मी उसे बचाने नहीं दौड़े। मामले में SDM, तहसीलदार और कानूनगो की भूमिका की जांच होगी। डीएम ने जांच के आदेश देते हुए दोषी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
लखनऊ के SGPGI परिसर स्थित हुदहुद झील में अचानक बड़ी संख्या में मछलियां मृत मिलने से हड़कंप मच गया। मृत मछलियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। शुरुआती तौर पर ऑक्सीजन की कमी को मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोबाइल लुटेरा शादाब पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी समीर मौके से फरार हो गया। शादाब पर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वह लूट-छिनैती की वारदातों में शामिल रहा है।
आयुर्वेदिक चिकित्सक से 20 हजार रुपये मांगने के आरोप को लेकर NIMA चिकित्सकों ने CMO कार्यालय के बाहर धरना शुरू किया। संगठन ने डॉ. नरेश पटेल को जांच के नाम पर धमकाने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि IGRS शिकायत पर जांच हुई, जिसमें एलोपैथिक दवाओं और ऑपरेशन के साक्ष्य मिलने का दावा है।
देवरिया। के बरहज सोनू घाट मार्ग पर स्थित बैरिया तिवारी गांव के समीप बरहज से सोनू घाट की तरफ आ रही टाटा मैजिक की जोरदार टक्कर से दोनों युवक रोड पर गिर गये दोनो युवकों के सिर में गंभीर चोटे आई वहीं टाटा मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया यह घटना बुधवार शाम की है। घटना के समय तहसील से काम निपटाकर आ रहे एसडीएम बरहज शशिकांत मणि अपनी सरकारी गाड़ी रुकवा कर घटना की जानकारी ली तथा एंबुलेंस को उनके द्वारा फोन किया गया एंबुलेंस आने में विलंब होने के कारण चोटिल व्यक्तियों को ऑटो के द्वारा भेजने की तैयारी हो रही थी उतने ही समय में एंबुलेंस आ गया एंबुलेंस के सहयोग से देवरिया महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में भर्ती कराया गया जहा इन दोनो का इलाज शुरू हुआ।
Location : Lucknow
Published : 20 August 2026, 8:34 AM IST