अखिलेश यादव ने एनकाउंटर का वीडियो शेयर करते हुए पूछा- कोई गृहमंत्री है क्या? जानें क्यों

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इटावा में मां-बेटी हत्याकांड के आरोपी से पुलिस मुठभेड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर यूपी सरकार और पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने एनकाउंटर के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे ‘फिल्म सिटी की शूटिंग’ बताया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 August 2026, 6:16 AM IST
google-preferred

Etawah News: इटावा में मां-बेटी की हत्या के आरोपी से पुलिस मुठभेड़ का वीडियो सामने आने के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को अपने X अकाउंट से वीडियो शेयर कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी की शूटिंग चल रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि कहानी से लेकर डायरेक्शन और कॉस्ट्यूम तक पुलिसकर्मी ही संभाल रहे हैं।

एनकाउंटर के वीडियो पर अखिलेश ने उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने जिस वीडियो को शेयर किया है, उसमें थाना प्रभारी विक्रम सिंह कथित तौर पर घायल आरोपी मुकेश यादव के पैर में पट्टी बांधते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी की जेब से कारतूस निकालते और स्कूटी से बरामद रकम गिनते भी दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि स्कूटी से 2 लाख 31 हजार रुपये बरामद किए गए।

अखिलेश ने दावा किया कि पुलिस ने एनकाउंटर के बाद मौके पर ही पूछताछ शुरू कर दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद थाने तक पहुंचते-पहुंचते चार्जशीट भी तैयार हो जाएगी। हालांकि पुलिस की ओर से इस वीडियो पर सामने आया विस्तृत पक्ष अलग है और मुठभेड़ को लेकर पुलिस का कहना है कि आरोपी ने भागने के दौरान टीम पर फायरिंग की थी।

चन्देठी गांव में मिली थी मां-बेटी की लाश

दरअसल, इटावा के चन्देठी गांव में 17 अगस्त की सुबह मां और बेटी की हत्या का मामला सामने आया था। सुबह करीब आठ बजे दूधवाला घर पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पीछे के हिस्से से अंदर झांका। वहां आंगन में पुष्पा यादव (55) का शव पड़ा था, जबकि उनकी बेटी निर्मला उर्फ मंजू देवी (38) का शव कमरे में चारपाई पर मिला।

कमरे में चारपाई पर खून से सनी दरांती भी पड़ी थी। घर के अंदर कमरे से आंगन तक खून के निशान मिले थे। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

SOG और सर्विलांस टीम ने शुरू की जांच

हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और भरथना थाना पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के साथ इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी मुकेश यादव के बारे में सूचना मिली।

पुलिस के मुताबिक, मुकेश जारपुरा से साम्हों की तरफ जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीमों ने रास्ते में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया- आरोपी ने की थी फायरिंग

पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें मुकेश के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

मुकेश की उम्र 42 साल बताई जा रही है और वह मैनपुरी का रहने वाला है। मुठभेड़ के बाद सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी के पैर पर पट्टी बांधते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने उसकी जेब से कारतूस और स्कूटी से 2 लाख 31 हजार रुपये बरामद करने की बात कही है।

अखिलेश बोले- ‘कानून व्यवस्था को अपराधी बना रहे’

अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधी का पकड़ा जाना सराहनीय है, लेकिन पुलिस का स्वांग रचकर झूठ को सच दिखाने का नाटक घातक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भ्रष्ट पुलिसकर्मी इसका दुरुपयोग कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को ही अपराधी बना रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उत्तर प्रदेश में कोई गृहमंत्री है या नहीं।

Location :  Etawah

Published :  20 August 2026, 6:16 AM IST

Advertisement