हिंदी
छात्राओं के वीडियो बनाने का आरोप (Img: AI Generated Image)
Bhadohi: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से छात्राओं की निजता को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक निजी लाइब्रेरी के वॉशरूम में कथित तौर पर ताक-झांक कर छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
मामला गोपीगंज क्षेत्र के लाला नगर के पास का है। यहां एक किराए के मकान में निजी लाइब्रेरी चलती है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र और छात्राएं पढ़ने आते हैं। लाइब्रेरी संचालक भरथरी बिंद की शिकायत के मुताबिक, मकान मालिक के शौचालय से सटा एक कमरा है। आरोप है कि मकान मालिक का बेटा रवि शंकर गुप्ता इसी कमरे से लाइब्रेरी के वॉशरूम पर नजर रखता था।
आरोप यह भी है कि उसने वॉशरूम की दीवार में एक छेद किया था और कथित तौर पर मोबाइल कैमरे के जरिए छात्राओं की निजता में सेंध लगाकर वीडियो रिकॉर्ड किए।
ये भी पढ़ें- अचानक फटने लगे घरों के स्मार्ट मीटर, पूरे घर में दौड़ा करंट… दो बच्चों समेत चार झुलसे
बताया जा रहा है कि मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब लाइब्रेरी के कुछ छात्रों ने आरोपी के मोबाइल फोन में कई छात्राओं के कथित आपत्तिजनक वीडियो देखे। इसके बाद लाइब्रेरी संचालक को इसकी जानकारी दी गई। मामला सामने आते ही संचालक ने पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलने के बाद गोपीगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। अब मोबाइल की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें कितने वीडियो मौजूद थे और घटना से जुड़े दूसरे लोगों की कोई भूमिका है या नहीं। गोपीगंज के थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। मोबाइल की तकनीकी जांच और सामने आने वाले अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने लाइब्रेरी में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा और उनकी निजता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Bhadohi
Published : 22 August 2026, 1:36 PM IST
Topics : Bhadohi News cyber crime Privacy Violation UP News