योगी ने PDA में ‘P’ को बताया पाकिस्तान, अखिलेश ने पलटकर कहा- ‘बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान’

उत्तर प्रदेश में PDA को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के PDA में ‘P’ का मतलब पाकिस्तान बताए जाने वाले बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी PDA से घबराई हुई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने महंगाई, शिक्षा, दिव्यांगों और डेयरी पॉलिसी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 August 2026, 2:41 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों PDA को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के PDA में ‘P’ का मतलब पाकिस्तान बताए जाने वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “P का मतलब पाकिस्तान- बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान।” सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी PDA से घबराई हुई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने PDA की अपनी व्याख्या करते हुए कहा कि इसका मतलब “प्रेम, दया और अपनापन” वाली सरकार होना चाहिए।

‘PDA से घबराए हैं, इसलिए परिभाषा बदल रहे’

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति PDA के मुद्दे पर आगे बढ़ रही है और इसी वजह से बीजेपी इस गठजोड़ से परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर उनकी पार्टी शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने पर काम करेगी। अखिलेश ने खास तौर पर प्राइमरी स्कूलों की स्थिति सुधारने की बात कही। उनका कहना था कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

महंगाई पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी के लिए रोजमर्रा की चीजें महंगी होती जा रही हैं। पेट्रोल की कीमतों का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि मुनाफे के लिए पेट्रोल में एथनॉल मिलाया जा रहा है। उन्होंने चीनी की कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुनाफे के लिए चीनी महंगी हो रही है।

यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, अखिलेश यादव की मौजूदगी में इमरान मसूद के दामाद सपा की साइकिल पर हुए सवार

15 करोड़ गरीबों को लेकर सरकार से सवाल

अखिलेश यादव ने दावा किया कि सरकार करीब 15 करोड़ लोगों को गरीब मान रही है। उन्होंने सवाल किया कि इन लोगों की प्रति व्यक्ति आय कितनी है और महंगाई के दौर में उनका जीवन कैसे चल रहा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग महंगाई से परेशान है। ऐसे में सरकार को आंकड़ों के बजाय जमीन पर लोगों की स्थिति देखनी चाहिए।

‘सपा किसी को छोड़कर नहीं जाती, लोग छोड़कर जाते हैं’

सपा अध्यक्ष से गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी को छोड़कर नहीं जाती, बल्कि लोग समाजवादी पार्टी को छोड़कर जाते हैं। उन्होंने बीजेपी के सहयोगी दलों को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि गठबंधन में सभी दलों को सम्मान और उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।

सत्ता में आए तो डेयरी पॉलिसी लाने का वादा

अखिलेश यादव ने डेयरी कारोबार को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो डेयरी का काम करने वाले लोगों के लिए ऐसी नीति लाई जाएगी, जिससे पशुपालन और डेयरी व्यापार में लोगों को फायदा हो। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों और पशुपालकों के लिए ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिससे उनकी आमदनी बढ़ सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र का ऐलान

दिव्यांगों के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। दिव्यांगों पर हुए कथित लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दिव्यांगों को सम्मान देने का काम किया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि पार्टी दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र तैयार करेगी। उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर देने का भी वादा किया।

प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने बारिश के बाद प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में पानी भर गया है, जबकि विकास के नाम पर बड़ी रकम खर्च होने का दावा किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इतना पैसा विकास कार्यों पर खर्च हुआ तो बारिश के दौरान शहरों की ऐसी स्थिति क्यों बनी?

UP Assembly Election 2027: अखिलेश यादव ने आधी आबादी पर खेला बड़ा दांव, महिलाओं के दिल पर राज करेगी सपा

बुलेट प्रूफ जैकेट पर बोले- मुझे जरूरत नहीं

बुलेट प्रूफ जैकेट से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तक उन्हें ऐसी जैकेट नहीं मिली है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि जब मिलेगी तो वह पत्रकारों को दे देंगे। अखिलेश ने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है और जिन्हें इसकी ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए।

गौमूत्र के मुद्दे पर भी अखिलेश का तंज

गौमूत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके पार्टी कार्यालय में 200 लीटर रखा हुआ है और सवाल किया कि इसे खरीदने के लिए पैसे कहां से आएंगे। अखिलेश के इस बयान के बाद एक बार फिर उन्होंने सरकार पर व्यंग्य करते हुए महंगाई और खर्च के मुद्दे को सामने रखा।

403 सीटों पर तैयारी का दावा

आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने इसे डबल तैयारी बताया। अखिलेश के बयानों से साफ है कि समाजवादी पार्टी आने वाले चुनाव में PDA, महंगाई, शिक्षा, किसान, दिव्यांग और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।

Location :  Lucknow

Published :  22 August 2026, 2:41 PM IST

Related News

Advertisement