हिंदी
चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा प्लान (Image Source: AI)
Lucknow: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए पार्टी अब संगठन की जमीनी स्थिति मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में योगी सरकार के मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में भेजने की तैयारी है। मंत्री सिर्फ औपचारिक दौरा करके वापस नहीं लौटेंगे, बल्कि जिले में रात भी बिताएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान संगठन और सरकार के कामकाज का फीडबैक भी लिया जाएगा।
बीजेपी की इस पूरी कवायद को 'प्रभारी मंत्री प्रवास योजना' का हिस्सा बताया जा रहा है। इसके तहत योगी सरकार के मंत्री अपने-अपने प्रभारी जिलों का दौरा करेंगे। खास बात यह है कि मंत्रियों को जिले में रुककर कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि मंत्री सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि संगठन के लोगों के बीच जाकर उनकी बात भी सुनें। इसके लिए जिला और महानगर इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी।
मंत्रियों के दौरे के दौरान जिले की पूरी संगठनात्मक टीम से बातचीत की जाएगी। इसमें जिला और महानगर इकाइयों के पदाधिकारियों के अलावा मंडल अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चा संगठनों के अध्यक्षों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक जिले में चार से पांच वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अलग से बातचीत करने की भी योजना है। इन बैठकों का मकसद सिर्फ संगठन की तारीफ सुनना नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत जानना होगा।
चुनाव 2027 से पहले मतदाताओं को जागरूक करने की पहल, देवरिया में EVM का व्यावहारिक प्रदर्शन
बीजेपी की इस रणनीति का एक अहम हिस्सा कार्यकर्ताओं की शिकायतों का समाधान करना भी है। पार्टी के एक सदस्य के मुताबिक, मंत्रियों का दौरा केवल फीडबैक लेने तक सीमित नहीं रहेगा। उन्हें कार्यकर्ताओं की समस्याओं को समझने के साथ उनके समाधान की दिशा में भी कदम उठाने होंगे। दरअसल, जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही जनता के बीच पार्टी का चेहरा होते हैं। चुनाव के दौरान बूथ प्रबंधन से लेकर मतदाताओं तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने तक उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहती है।
बीजेपी की इस नई कवायद के पीछे 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों से मिले सबक को भी अहम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में पार्टी को उस चुनाव में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी। कई सीटों पर बीजेपी को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था। पार्टी के भीतर संगठनात्मक कमजोरियों, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और समाजवादी पार्टी की PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक राजनीति को चुनावी नतीजों से जोड़कर देखा गया था।
UP Election 2027: चुनाव आयोग एक्शन मोड में, EVM को लेकर बनाया ये खास प्लान
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी नेतृत्व को इस बात की चिंता है कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कुछ कार्यकर्ताओं का उत्साह कम हो रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच यह धारणा भी बन रही है कि सरकार और स्थानीय प्रशासन उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार कार्यकर्ता स्थानीय अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने में परेशानी महसूस करते हैं। वहीं, कुछ मामलों में संगठन के पदाधिकारियों और प्रशासन के बीच तालमेल की कमी की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लखनऊ दौरे के दौरान भी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर खास जोर दिया गया था। राज्य कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बीजेपी संगठन का असली मालिक बताया था। अमित शाह ने कहा था कि कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। संगठन की मजबूती के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण सबसे बड़ी ताकत है।
Location : Lucknow
Published : 22 November 2026, 12:17 PM IST