मथुरा में बाबरिया गैंग के 2 डकैत एनकाउंटर में ढेर

मथुरा में किराना कारोबारी के घर डकैती करने वाले बाबरिया गिरोह के दो कुख्यात बदमाश पुलिस एनकाउंटर में मारे गए। 50-50 हजार के इनामी धर्मवीर और राजेंद्र को यमुना एक्सप्रेसवे के पास मुठभेड़ में ढेर किया गया। 23 अप्रैल की वारदात के बाद 17 टीमों की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 May 2026, 2:34 PM IST
google-preferred

Mathura: मथुरा में गुरुवार सुबह अपराध की दुनिया से जुड़ी एक बड़ी और खौफनाक कहानी का अंत हो गया, जब पुलिस ने किराना कारोबारी के घर डकैती डालने वाले बाबरिया गिरोह के दो कुख्यात डकैतों को एनकाउंटर में मार गिराया। यमुना एक्सप्रेसवे के पास हुई इस मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के इनामी धर्मवीर उर्फ लंबू और राजेंद्र उर्फ पप्पू को पुलिस ने ढेर कर दिया। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और कई राज्यों में उनके खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज थे।

बाइक से भागने की कोशिश और फायरिंग

एसएसपी श्लोक कुमार के नेतृत्व में 17 टीमों की तैनाती की गई थी, जो 23 अप्रैल को हुई डकैती की जांच कर रही थी। गुरुवार सुबह पुलिस को इनपुट मिला कि दोनों बदमाश यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास देखे गए हैं। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी पल्सर बाइक से आते दिखाई दिए। रोकने का इशारा करने पर वे यूटर्न लेकर भागने लगे, लेकिन बाइक फिसल गई और वे गिर पड़े। इसके बाद दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से दोनों घायल हो गए और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय भी घायल हुए हैं।

23 अप्रैल की डकैती से फैला था दहशत का माहौल

यह वही गिरोह था, जिसने 23 अप्रैल की रात टैंटीगांव में किराना कारोबारी अजय अग्रवाल के घर पर धावा बोला था। पांच नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब ढाई घंटे तक लूटपाट की थी और करीब 20 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए थे। जाते-जाते उन्होंने सीसीटीवी की DVR भी साथ ले ली थी, जिससे सबूत मिटाए जा सके। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।

कई राज्यों में दर्ज थे गंभीर केस

मारे गए दोनों बदमाशों पर हत्या की कोशिश, डकैती और चोरी जैसे गंभीर मामलों सहित कई राज्यों में कुल मिलाकर 27 से ज्यादा केस दर्ज थे। धर्मवीर राजस्थान और राजेंद्र हरियाणा से जुड़े कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में राहत की भावना देखी जा रही है।

Location :  Mathura

Published :  7 May 2026, 2:34 PM IST

Related News

Advertisement