हिंदी
बदायूं में ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Badaun: जनपद में शनिवार को कुछ मनचलों ने न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डाल दिया। दरअसल थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव भगवतीपुर में कानून को ठेंगा दिखाते हुए दो ट्रैक्टरों के बीच खतरनाक रेस का आयोजन किया गया। रेस में जीत-हार पर हजारों रुपये की शर्त भी लगाई गई थी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भगवतीपुर गांव के पास खुले सड़क पर दो ट्रैक्टर चालकों ने आपस में रेस लगाने की शर्त लगाई। ग्रामीणों की मानें तो दोनों पक्षों में पहले से ही इस बात को लेकर बहस चल रही थी कि किसका ट्रैक्टर ज्यादा दमदार है। इसी को साबित करने के लिए हजारों रुपये की शर्त रखकर रेस शुरू कर दी गई।
रेस देखने जुटी लोगों की भीड़
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों ट्रैक्टर तेज रफ्तार में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में दौड़ रहे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे जो वीडियो बना रहे थे और शोर मचाकर चालकों का हौसला बढ़ा रहे थे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
सार्वजनिक स्थान पर इस तरह रेस लगाना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पूरी तरह गैरकानूनी है। इसके अलावा जीत-हार पर पैसे की शर्त लगाना जुआ अधिनियम के दायरे में आता है। यूपी में पहले भी ट्रैक्टर से स्टंट और रेस के दौरान कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही प्रदेश में स्टंट करते समय एक ट्रैक्टर चालक के कुचले जाने का वीडियो सामने आया था।
फिलहाल थाना सिविल लाइन पुलिस की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि पुलिस वीडियो के आधार पर ट्रैक्टरों की पहचान कर चालकों और रेस का आयोजन कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है।
गांव में यह रेस चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोग इसे मनोरंजन बता रहे हैं तो वहीं जागरूक ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं युवाओं को गलत दिशा में ले जाती हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
Location : Badaun
Published : 11 April 2026, 3:32 PM IST