हिंदी
LPG Crisis पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव क बड़ा बयान (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: संसद परिसर में आज विरोध प्रदर्शन का एक अनोखा तरीका देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन अपनी टी-शर्ट पर रसोई गैस सिलेंडर की तस्वीर चस्पा कर सदन पहुंचे।
इस प्रतीकात्मक विरोध के जरिए उन्होंने देश में रसोई गैस की कमी और बढ़ती कीमतों पर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस वीडियो को साझा करते हुए बीजेपी सरकार पर तीखा तंज कसा है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सवाल-जवाब के लहजे में पोस्ट किया। उन्होंने पूछा कि एलपीजी सिलेंडर में कितनी गैस होती है? इसके जवाब में उन्होंने खुद ही लिखा कि यह साफ होना चाहिए कि ये प्रश्न युद्ध के पूर्व का वजन पूछ रहा है या भाजपा सरकार द्वारा सिलेंडर में गैस घटाए जाने के बाद का?
सपा प्रमुख ने आगे चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सिलेंडर नहीं मिला, तो जनता इस बार थाली की जगह सिलेंडर बजाकर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों से ऐसी खबरें आ रही हैं जहाँ लोगों को रसोई गैस के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसी जमीनी स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि बीजेपी के राज में लोग खाना पकाने जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी कतारों में लगने को मजबूर हैं।
टीएमसी सांसद के इस तरीके को समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने भी सराहा है। पार्टी ने कहा कि यह गैस की किल्लत पर प्रदर्शन का एक नया और असरदार तरीका है। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतीकात्मक रूप से यह भी कहा था कि उन्होंने अपने घर पर दो मिट्टी के चूल्हे मंगवा लिए हैं, क्योंकि मौजूदा सरकार के शासन में गैस मिलना मुश्किल हो गया है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर अब सड़क से संसद तक सरकार को घेरने की तैयारी में है।
Location : New Delhi
Published : 27 March 2026, 4:49 PM IST