हिंदी
औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर में एक युवती के अचानक लापता होने के बाद फिल्मी अंदाज़ में ‘नागिन’ बनने की कहानी फैल गई। घरवालों ने दावा किया कि बिस्तर पर सांप की केंचुल और गहने रखे मिले, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।
प्रेम विवाह के लिए घर से गई थी लड़की
Auraiya: औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर में एक युवती के अचानक लापता होने के बाद फिल्मी अंदाज़ में ‘नागिन’ बनने की कहानी फैल गई। घरवालों ने दावा किया कि बिस्तर पर सांप की केंचुल और गहने रखे मिले, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते यह खबर आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बन गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
सींगनपुर निवासी 21 वर्षीय रीना (परिवर्तित नाम) का गांव के ही युवक श्याम शर्मा से प्रेम प्रसंग था। परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे, जिससे वह नाखुश थी। इसी के चलते वह अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी लिखा गया।
शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत, AI डर से बाजार में हड़कंप; IT के ये Share फिसले
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब युवती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर बताया कि वह अपनी मर्जी से गई है और कानपुर के कल्याणपुर स्थित आर्य समाज मंदिर में श्याम शर्मा से शादी कर ली है। सोशल मीडिया पर उसके डांस वीडियो भी वायरल होने लगे, जिनमें एक ‘नागिन डांस’ का वीडियो भी था। इससे अफवाहों को और हवा मिली।
बीती रात रीना खुद फफूंद थाने पहुंची और पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर सच्चाई बताई। उसने कहा कि नागिन बनने का कोई ड्रामा उसने नहीं किया। बिस्तर पर केंचुल रखने की कहानी घरवालों की बनाई हुई है। उसने बताया कि पहले उसके पास सांप की एक केंचुल थी, जिसे उसने घर पर ही रख दिया था। उसी केंचुल को आधार बनाकर परिजनों ने कहानी गढ़ दी।
Viral Video: मुंबई के कुर्ला स्टेशन पर दिखी इंसानियत, CCTV में कैद हुई TC की बहादुरी
थाना प्रभारी अजय कुमार के अनुसार, युवती ने आर्य समाज मंदिर में विवाह करने की जानकारी दी है। उसे न्यायालय में पेश कर बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि युवती बालिग है और यदि उसने अपनी इच्छा से विवाह किया है तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने गांव में फैली अंधविश्वास की अफवाहों और सोशल मीडिया पर फैलती सनसनीखेज खबरों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।