हिंदी
रेलवे ट्रैक पर मिला किसान का शव (Img: AI Generated Image)
Sultanpur: जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक किसान का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में धान की फसल देखने के लिए घर से निकले किसान की कुछ देर बाद घायल अवस्था में रेलवे लाइन के पास मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अखण्डनगर थाना क्षेत्र के मीरपुर प्रतापपुर गांव निवासी रामसहाय प्रजापति (40) पुत्र राजेन्द्र प्रजापति गुरुवार सुबह अपने धान के खेत में पानी की स्थिति देखने के लिए घर से निकले थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ ही देर में वापस लौट आएंगे, लेकिन थोड़ी देर बाद एक ऐसी सूचना मिली जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
ये भी पढ़ें- कौन समझेगा बरेली की इस भाभी का दर्द? दहेज, दुबई और तीन तलाक के बाद देवर भी हुआ जल्लाद
स्थानीय लोगों ने बिलवाई रेलवे फाटक के पास जौनपुर-अयोध्या रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचकर परिवार ने देखा कि घायल व्यक्ति रामसहाय ही थे।
परिजन बिना समय गंवाए 108 एम्बुलेंस की मदद से रामसहाय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉ. सुधीर कुमार बरनवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की पुष्टि के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसान किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही अखण्डनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- आरोप झूठे हैं या साजिश? सुल्तानपुर विधायक पर महिला के गंभीर दावों से मचा घमासान, जांच के बीच गरमाई सियासत
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sultanpur
Published : 6 August 2026, 6:52 PM IST