हिंदी
सुलतानपुर में श्रमिकों के लिए नई सौगात (Img: Dynamite News)
Sultanpur: काम की तलाश में भटकने वाले श्रमिकों को अब एक ही स्थान पर रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की पहल पर शाहगंज चौराहे से श्रमिक जोन को दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थानांतरित कर दिया गया है। डीएम के श्रमिकों से संवाद और सुविधाएं उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद श्रमिक नए स्थान पर पहुंच गए हैं।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला प्रशासन ने दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे श्रमिक जोन का पुनर्संचालन कराया है। यहां श्रमिकों के बैठने, बिजली और पानी समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रमिकों को रोजगार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

यह भी पढ़ें - Sultanpur News: श्रमिकों के लिए बड़ी राहत: दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे दोबारा शुरू लेबर अड्डा, मिलेंगी ये खास सुविधाएं
श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सात दिवसीय मेडिकल कैंप लगाया गया है। इसमें टीबी, बुखार, आंखों की जांच, शुगर और ब्लड प्रेशर समेत विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं। भविष्य में भी समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। प्रस्तावित शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें - Sultanpur: त्योहारों से पहले वल्लीपुर में बढ़ाई गई सुरक्षा, एसपी ने खुद संभाला मोर्चा
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक जोन में आने वाले कामगारों का पंजीकरण कराकर पात्रता के अनुसार उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। यहां आयुष्मान कार्ड और श्रमिक कार्ड भी बनाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों को उनके श्रम का उचित और समय से मानदेय दिलाना प्राथमिकता है। किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा मजदूरी का समय से भुगतान नहीं किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। श्रमिक जोन की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए टीम गठित की गई है। नए श्रमिक जोन के शुरू होने से काम की तलाश करने वाले श्रमिकों और उन्हें रोजगार देने के इच्छुक जनपदवासियों को एक ही स्थान पर कामगार उपलब्ध हो सकेंगे।
Location : Sultanpur
Published : 22 September 2026, 1:53 PM IST
Topics : DM Indrajeet Singh sultanpur news UP News