माही ने बाइक से भरी फर्राटा, कार में बैठी महिला को दिया ऐसा जवाब कि बन गया दिन

रांची में धोनी के फॉर्महाउस के पास बाइक चलाते हुए नजर आए माही भाई। कार से गुजर रही श्रेजल ने उन्हें हैलो कहा तो धोनी ने भी हाथ हिलाकर जवाब दिया। महिला ने इस खास मुलाकात को जिंदगीभर याद रहने वाला पल बताया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 November 2026, 2:07 PM IST
google-preferred

Ranchi: क्रिकेट की दुनिया में महेंद्र सिंह धोनी का अपना अलग ही जलवा है। उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। ऐसे में अगर अचानक सड़क पर धोनी बाइक चलाते हुए नजर आ जाएं तो किसी भी फैन की खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। ऐसा ही कुछ झारखंड की राजधानी रांची में एक महिला के साथ हुआ। महिला अपनी कार से जा रही थी, तभी अचानक उसके बगल से बाइक चलाते हुए खुद माही भाई निकल पड़े। महिला ने हाथ हिलाकर उन्हें हैलो कहा तो धोनी ने भी मुस्कुराते हुए जवाब में हैलो कर दिया। कुछ सेकंड का यह खास पल महिला के लिए जिंदगीभर की याद बन गया।

रांची में अचानक दिखे माही भाई

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और महिला के अनुभव के मुताबिक, श्रेजल नाम की महिला रांची में धोनी के फॉर्महाउस से करीब 10 मिनट की दूरी पर थी। वह अपनी कार से सड़क पर गुजर रही थी। इसी दौरान उसकी नजर बाइक चलाते हुए एक शख्स पर पड़ी। वह कोई और नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे।

धोनी को अचानक अपने इतने करीब देखकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने तुरंत अपने कैमरे में इस पल को कैद करने की कोशिश की। इसी दौरान जब धोनी उसकी कार के पास पहुंचे तो महिला ने हाथ दिखाकर उन्हें हैलो कहा। खास बात यह रही कि धोनी ने भी हाथ हिलाकर उसके अभिवादन का जवाब दिया।

हेलमेट और गॉगल्स में नजर आए धोनी

महेंद्र सिंह धोनी अपनी निजी जिंदगी को काफी शांत और प्राइवेट रखना पसंद करते हैं। वह अक्सर सार्वजनिक जगहों पर भी अपनी पहचान छिपाकर निकलते हैं। बाइक चलाते समय भी वह हेलमेट पहनते हैं और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हैं।

महिला के मुताबिक, धोनी ने हेलमेट और गॉगल्स पहन रखे थे, जिसकी वजह से उनका चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा था। हालांकि, कुछ सेकंड के लिए जब धोनी अपने हेलमेट का शीशा ठीक कर रहे थे, तब महिला को उनका चेहरा देखने का मौका मिल गया। इसके बाद उन्होंने गॉगल्स नीचे कर लिए और हेलमेट का शीशा भी बंद कर लिया।

धोनी के एक हैलो ने बना दिया महिला का दिन

श्रेजल ने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि रांची की सड़क पर अचानक धोनी से मुलाकात हो जाएगी। यह पूरा घटनाक्रम कुछ ही सेकंड में हुआ, लेकिन उनके लिए बेहद खास बन गया।

महिला ने बताया कि धोनी के लिए यह शायद रोज की तरह एक सामान्य बाइक राइड रही होगी, लेकिन उनके लिए यह जिंदगीभर याद रहने वाला पल है। उन्होंने कहा कि उन्हें सच में उम्मीद नहीं थी कि ऐसा कुछ होने वाला है। माही की एक छोटी-सी प्रतिक्रिया ने उनका पूरा दिन बना दिया।

फैंस के लिए क्यों खास है धोनी की एक झलक?

महेंद्र सिंह धोनी उन क्रिकेटरों में शामिल हैं, जिनकी लोकप्रियता क्रिकेट के मैदान से बाहर भी बरकरार है। मैदान पर अपनी कप्तानी और शांत स्वभाव से करोड़ों दिल जीतने वाले माही निजी जिंदगी में भी सादगी पसंद करते हैं। यही वजह है कि रांची में रहने के बावजूद उनकी एक झलक मिलना कई फैंस के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं होता।

Location :  Ranchi

Published :  17 November 2026, 2:07 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement