हिंदी
पीड़ित को वापस मिली पूरी रकम (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: सुल्तानपुर में साइबर ठगों ने एक शख्स को निशाना बनाकर उसके खाते से तीन लाख रुपये उड़ा लिए। ठगी के बाद पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई तो साइबर थाना टीम तुरंत हरकत में आ गई। तकनीकी जांच और लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने ठगी की रकम को ट्रेस कर लिया। आखिरकार पीड़ित के पूरे तीन लाख रुपये वापस करा दिए गए।
मामला रायबरेली जिले के डलमऊ थाना क्षेत्र से जुड़ा है। यहां रहने वाले रणविजय यादव साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गए थे। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर उनसे तीन लाख रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना सुल्तानपुर में शिकायत दर्ज कराई और अपनी रकम वापस कराने की गुहार लगाई।
शिकायत मिलते ही साइबर थाना टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से ठगी गई धनराशि की ट्रेसिंग की और संबंधित स्तर पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की लगातार कोशिशों का नतीजा यह रहा कि साइबर ठगी में गई पूरी रकम को वापस कराने में सफलता मिल गई। पीड़ित को उसके तीन लाख रुपये वापस मिल गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी बृजनारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर थाना टीम ने मामले में तेजी से कार्रवाई की।
न चंदा, न एनजीओ… सिर्फ आस्था और संकल्प! 744वें श्रमदान से चमका सुल्तानपुर का सीताकुंड धाम
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। इसके साथ ही अपना OTP, UPI PIN, ATM या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। पुलिस ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देर किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और अपने बैंक को भी तत्काल इसकी जानकारी दें।
Location : Sultanpur
Published : 14 August 2026, 6:27 PM IST