15 साल की शादी, दो बेटियां और फिर अचानक घर छोड़ गई मां; पति ने प्रेमी पर लगाए गंभीर आरोप

फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र में शादी के करीब 15 साल बाद एक महिला के कथित तौर पर प्रेमी संग फरार होने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि महिला घर से 22 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर भी ले गई। थाने से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पति ने एसपी से शिकायत की है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 September 2026, 1:08 PM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर में एक शादीशुदा महिला के कथित तौर पर प्रेमी के साथ घर से फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला अपने साथ घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 22 हजार रुपये नकद भी ले गई। महिला के पति का कहना है कि घटना के वक्त वह मजदूरी करने गया था और पीछे से उसकी पत्नी दो युवकों के साथ घर से निकल गई। जब पति घर लौटा तो पत्नी और जेवर-कैश गायब मिले।

15 साल पहले हुई थी शादी

मामला फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के मुरांव गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले बुद्दन की शादी करीब 15 साल पहले रीता देवी से हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं। बुद्दन मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पति के मुताबिक, 7 सितंबर को वह दिन में करीब 11 बजे अपने भाई के घर मजदूरी करने के लिए गया था। घर पर उसकी पत्नी और परिवार के लोग थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के मोनू और सकूलपुर निवासी ओम घर पहुंचे और रीता को अपने साथ लेकर फरार हो गए।

फतेहपुर में नेग को लेकर दो किन्नर गुट आमने-सामने, चौकी प्रभारी पर आरोप लगाकर SP से लगाई गुहार

घर से नकदी और जेवर भी गायब मिले

बुद्दन ने पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर से सिर्फ अपने कपड़े लेकर नहीं गई, बल्कि घर में रखी नकदी और जेवर भी अपने साथ ले गई। शिकायत में 22 हजार रुपये नकद के अलावा सोने और चांदी के कई आभूषणों का जिक्र किया गया है। पति के मुताबिक, गायब बताए जा रहे सामान में पांच सोने के लॉकेट, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने की लॉकेट माला, करीब 250 ग्राम चांदी की पायल, 250 ग्राम चांदी की हाफ पेटी, करीब 300 ग्राम चांदी की फुल पेटी, एक सोने की बेसर, दो चांदी की अंगूठियां और एक सोने का मंगलसूत्र शामिल है।

दो युवकों को भागते देखने का किया दावा

शिकायत में बुद्दन ने अपने परिवार के सनी और पप्पू का भी जिक्र किया है। उनका दावा है कि दोनों ने ओम और मोनू को सूती कपड़े में जेवर और रुपये लेकर भागते हुए देखा था। इसके बाद उन्होंने बुद्दन को इसकी जानकारी दी। इन बयानों के आधार पर बुद्दन ने अपनी पत्नी को वापस लाने और दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नौकरी से लेकर पेंशन तक, आरोपों की लंबी फेहरिस्त! फतेहपुर के सुमित सिंह पर कई शिकायतें, पीड़ितों ने लगाए गंभीर आरोप

सुनवाई न होने का आरोप

बुद्दन का कहना है कि घटना के दिन ही उसने थरियांव थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी थी। पति का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद उसकी समस्या पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बुद्दन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले में FIR दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा असर परिवार की दोनों बेटियों पर पड़ा है। पति का कहना है कि मां के अचानक घर से चले जाने के बाद दोनों बेटियां लगातार उसे याद कर रही हैं और रो रही हैं। परिवार के सामने एक तरफ महिला के वापस आने की चिंता है तो दूसरी तरफ घर से जेवर और नकदी ले जाने के आरोप को लेकर भी परेशानी बनी हुई है। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।

Location :  Fatehpur

Published :  13 September 2026, 1:08 PM IST

Related News

Advertisement