सीतापुर में डबल मर्डर पर एसपी का बड़ा एक्शन, 3 दरोगा समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

दोनों हत्याकांडों के बाद पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जिम्मेदारी तय करते हुए शहर कोतवाली की कोहना चौकी प्रभारी यज्ञपाल सिंह, बीट सिपाही उत्तम कुमार, इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के बीट दरोगा मोहम्मद शमीम खां, हेड कांस्टेबल राघवेंद्र मिश्रा समेत कुल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 August 2026, 3:19 PM IST
google-preferred

Sitapur: जिले में महज पांच घंटे के भीतर हुई दो सनसनीखेज हत्याओं ने पूरे पुलिस महकमे को हिला दिया। एक तरफ मुंशीगंज में युवक सलमान की गोली मारकर हत्या कर दी गई, तो दूसरी ओर जिले में हुई दूसरी हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। लगातार बढ़ते दबाव और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया। लापरवाही और जवाबदेही तय करते हुए तीन दरोगा समेत आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं सलमान हत्याकांड के दो फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बीयर पार्टी के दौरान विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच के अनुसार 4 और 5 अगस्त की दरम्यानी रात मुंशीगंज इलाके में सलमान अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले सभी लोग एक साथ बैठकर बीयर पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि सलमान पर गोली चला दी गई। गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।

तीन आरोपी हिरासत में, दो की तलाश जारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नितिश, नौसाद और आफाक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी रजत मिश्रा और भैरव मिश्रा अभी भी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, एसपी ने दिखाई सख्ती

दोनों हत्याकांडों के बाद पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जिम्मेदारी तय करते हुए शहर कोतवाली की कोहना चौकी प्रभारी यज्ञपाल सिंह, बीट सिपाही उत्तम कुमार, इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के बीट दरोगा मोहम्मद शमीम खां, हेड कांस्टेबल राघवेंद्र मिश्रा समेत कुल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इसके अलावा थानगांव में कांवड़ जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डीजे वाहन हादसे में दो लोगों की मौत के मामले में भी एक दरोगा और तीन आरक्षियों पर कार्रवाई की गई है।

एसपी का साफ संदेश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एसपी अंकुर अग्रवाल ने स्पष्ट कहा है कि अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। दोनों मामलों में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई होगी। जिले में लगातार हो रही गंभीर वारदातों और पुलिस पर हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अब सभी की निगाहें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और विभागीय जांच के अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।

Location :  Sitapur

Published :  6 August 2026, 3:19 PM IST

Advertisement