Sonbhadra News: निशा विश्वकर्मा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन, भाजपा पर गंभीर आरोप

शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने RTS चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य गाजीपुर जनपद के करार गांव में मृत पाई गई निशा विश्वकर्मा के परिवार को न्याय दिलाना और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना था।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 April 2026, 4:56 PM IST
google-preferred
Sonbhadra: सोनभद्र में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने RTS चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य गाजीपुर जनपद के करार गांव में मृत पाई गई निशा विश्वकर्मा के परिवार को न्याय दिलाना और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना था।
प्रदर्शन के दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में “गुंडे-माफिया” का बोलबाला है और वे खुलेआम कानून को हाथ में लेकर काम कर रहे हैं।

मामले को दबाने की कोशिश

प्रमोद यादव ने गाजीपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि निशा विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है, लेकिन इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की जांच के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रतिनिधिमंडल गाजीपुर भेजा था। आरोप है कि प्रतिनिधिमंडल को गांव में प्रवेश करने से रोक दिया गया और उन पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है कि कहीं स्थानीय स्तर पर यह तय किया जा रहा है कि कौन गांव में प्रवेश करेगा और कौन नहीं।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग

उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में कानून का राज चलेगा या फिर कुछ लोगों की मनमानी। वही सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा जमीनी स्तर पर विफल साबित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अनिल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के प्रति संवेदनशील नहीं है और उनके मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि निशा विश्वकर्मा के परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला और सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी। इस प्रदर्शन में सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी, शौर्य त्रिपाठी, मनीष केडिया, राजू पासवान, हीरा मौर्या और विजय चंद्रवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Location :  Sonbhadra

Published :  24 April 2026, 4:56 PM IST

Advertisement