Sirmaur Road Accident: आधी रात खाई में जा गिरी बोलेरो, 4 की मौत; 9 घायल, आखिर कैसे हुआ हादसा?

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल में गतलोग के पास बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 August 2026, 12:59 PM IST
google-preferred

Sirmaur: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संगड़ाह उपमंडल के गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बोलेरो कैंपर में सवार लोग एक बुजुर्ग के शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव अरलू ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए।

अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे लोग

पुलिस को दिए बयान के मुताबिक 11 अगस्त की शाम जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। परिजन उन्हें सिविल अस्पताल संगड़ाह लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराए पर ली गई थी।

बताया गया कि गांव चिनाड के पास अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कुछ अन्य लोग भी वाहन में बैठ गए। रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास पहुंचते ही चालक कपिल देव वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

जान जोखिम में डाल कलम थामने की जिद! उत्तराखंड में 1 साल बाद भी नहीं बना पुल, उफनती नदी पार करने को मजबूर नौनिहाल

चार लोगों की मौके पर मौत

हादसे में राजेन्द्र, देसराज, रिखीराम और राम गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दुर्घटना में चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल संगड़ाह पहुंचाया गया।

लाल किला जाने से पहले जान लें दिल्ली पुलिस की रेड लिस्ट: भूलकर भी साथ न ले जाएं ये सामान, वरना गेट से ही होंगे वापस

चार घायलों को किया गया रेफर

घायलों में कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं पांच अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल संगड़ाह में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपे जाएंगे।

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने हादसे में चार लोगों की मौत और नौ लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

Location :  Sirmaur

Published :  12 August 2026, 12:59 PM IST

Advertisement