हिंदी
सुबह करीब 8:20 बजे हुआ हादसा (Source: Dynamite News)
Deoria: गौरीबाजार थाना क्षेत्र के हाटा-गौरीबाजार मार्ग पर देवगांव मोड़ के समीप मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस का आगे बाईं तरफ का टायर अचानक फट गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा टकराई। हादसे में ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे की है। एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस संख्या UP 52 T 7947 शिक्षकों को उनके निर्धारित स्थानों से लेकर विद्यालय की ओर जा रही थी। बस को गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सवना लक्ष्मन निवासी चालक प्रवीण यादव चला रहा था।
देवगांव मोड़ के पास अचानक बस के आगे बाईं तरफ का टायर फट गया। टायर फटते ही चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क पर आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गई।
हादसे में ई-रिक्शा चालक अकबर अली पुत्र मुकादीर निवासी विशुनपुरा, थाना गौरीबाजार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए देवरिया स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया।
दुर्घटना में बस में सवार नौ शिक्षक-शिक्षिकाओं को चोटें आईं। वहीं ई-रिक्शा में सवार चार बच्चे भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद घायलों के परिजनों में भी चिंता का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी सलेमपुर अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और चल रहे उपचार की जानकारी ली।
अधिकारी ने आवश्यकता के अनुसार घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित लोगों को निर्देश भी दिए।
जहां लगे थे CCTV कैमरे, वहीं चोरों ने कर दिया खेल! पंचायत भवन से लाखों का सामान गायब
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है और यातायात भी सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में बस का अगला बायां टायर फटना हादसे की वजह सामने आई है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Location : Deoria
Published : 11 August 2026, 2:20 PM IST
Topics : Deoria News Road Accident UP News